Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट नहीं, लेकिन खतरा बरकरार, 6 जिलों के लिए मिली चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से आज जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है।

46
Flooded road in Uttarakhand due to heavy rainfall.
Heavy rainfall has caused significant flooding in Uttarakhand.

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। देहरादून और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि कई अन्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें: Akalatara: तालाब में डूबा युवक, 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद सामने आई दिल दहला देने वाली तस्वीर

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से आज जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज से अति तीव्र वर्षा तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. डी.सीएस. तोमर ने बताया कि राज्य में मानसूनी गतिविधियां छह अगस्त तक सक्रिय रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा को देखते हुए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान में दिनभर आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश के एक-दो दौर की संभावना व्यक्त की गई है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इसे भी पढ़ें: Love Jihad News: धमकी और प्रताड़ना से तंग हिंदू छात्रा ने दी जान: क्या कट्टरपंथी मानसिकता के खिलाफ तय होगी कड़ी जवाबदेही?

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और संवेदनशील मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मसूरी में सर्वाधिक 120.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा धारचूला में 92 मिमी, हरिपुर में 76 मिमी, नैनीताल में 54.6 मिमी और चमोली में 39.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। स्वचालित मौसम केंद्रों के अनुसार मसूरी (यूकेजी) में 124 मिमी व सोनप्रयाग में 119 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.