Love Jihad News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि युवती झूठी पहचान बताकर दोस्ती करने, कथित ब्लैकमेल और लगातार मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपित युवक फैजान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों के अनुसार, हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा की मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राहुल बताया था। बताया जाता है कि वह छात्रा और उसकी सहेली को परीक्षा केंद्र तक बाइक से छोड़ने जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक ने छात्रा का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया।
आरोप है कि दोस्ती का भरोसा जीतने के बाद युवक ने छात्रा की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो अपने पास रख लिए। कुछ समय बाद छात्रा को पता चला कि युवक की असली पहचान राहुल नहीं बल्कि फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है। इसके बाद छात्रा ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की।
इसे भी पढ़ें: Jharkhand में हाथी दांत तस्करी का हुआ भंडाफोड़! धर्मशाला से 3 दांत जब्त, तीन आरोपी जेल भेजे गए
परिजनों का आरोप है कि दूरी बनाने पर आरोपी ने कथित रूप से निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। लगातार दबाव और कथित ब्लैकमेल के कारण छात्रा गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी। बताया जा रहा है कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले उसने पूरी बात अपने परिवार को बताई थी। परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि कानूनी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन वह तनाव से बाहर नहीं निकल सकी।
बताया गया है कि 2 अगस्त की सुबह पिता के घर से बाहर जाने के दौरान छात्रा ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: Census 2026: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत चार राज्यों में 1 सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी फैजान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम फिरोजाबाद में उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
Join Our WhatsApp Community
