Mumbai:मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-2 इलाके में जन्मदिन का जश्न मनाना भारी पड़ गया। बीच सड़क पर इनोवा कार खड़ी कर उसके बोनेट पर केक काटा गया और फिर एअरगन से हवा में फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की गई। इस मामले में बोरीवली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जन्मदिन मना रहे युवक समेत 10 लोगों को हिरासत में ले लिया है।(Mumbai)
बीच सड़क कार रोककर काटा केक, यातायात हुआ बाधित
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 5 अगस्त की आधी रात को करीब 12:30 बजे घरकुल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी, सुविध्या स्कूल के पास घटी। 26 वर्षीय आकाश रामकृपाल गुप्ता का जन्मदिन होने के कारण उसने अपने दोस्तों को एकत्र किया था। इस दौरान इनोवा कार को सड़क के बीचों-बीच गलत तरीके से खड़ा कर बोनेट पर केक काटा गया, जिससे वहां का यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ।(Mumbai)
एअरगन से की गई फायरिंग, इलाके में फैली दहशत
जश्न के दौरान जतिन नवीन शर्मा नाम का युवक अपनी बेबी एअरगन लेकर आया था। आरोप है कि विजेश विजयप्रकाश उपाध्याय ने इस एअरगन से लापरवाही से हवा में फायरिंग की। सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग होने से आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और शांति भंग हो गई।(Mumbai)
पुलिस ने 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सार्वजनिक शांति भंग करने और अवैध रूप से भीड़ जुटाने के आरोप में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए आरोपियों में आकाश गुप्ता (26), जतिन शर्मा (26), विजेश उपाध्याय (26), विक्रम चौधरी उर्फ टॉमी (29), ऐश्वर्य गोमणे (26), अजिंक्य आढाव (24), जय कपाडिया (27), रोहन पाटिल (27), मुंकुंद थोरवे (25) और प्रशांत हरिजन (25) शामिल हैं। बोरीवली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।(Mumbai)

