Pakistan Afghanistan Tension: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तानी विमानों की एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा सामने आया है। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला कुनार के नुर्गल जिले के पतंग इलाके में रात के समय किया गया। आरोप है कि पाकिस्तानी विमानों ने एक आम नागरिक नूर मोहम्मद के घर को निशाना बनाया, जिसके बाद पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 3:30 बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उस समय इलाके में लोग अपने घरों में मौजूद थे। कम ऊंचाई पर उड़ रहे विमानों के बाद जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
इसे भी पढ़ें: Saudi Arabia में अचानक बढ़ी सुरक्षा चिंता! अमेरिका ने अपने कर्मचारियों के लिए जारी किया नया अलर्ट
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के अलावा पूर्वी अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में भी कार्रवाई की। हालांकि, इन हमलों से हुए नुकसान और संभावित हताहतों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
नुर्गल जिले के पतंग इलाके में नूर मोहम्मद के घर पर हुए कथित हमले के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे के बीच बमों के अवशेष मिलने की बात भी कही जा रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार, जिस घर को निशाना बनाया गया, वह एक आम नागरिक का मकान था। हालांकि, हमले के वक्त घर में कितने लोग मौजूद थे और उनमें से कितने घायल हुए या हताहत हुए, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय स्तर पर सामने आ रही तस्वीरों और रिपोर्टों में घर के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है। राहत और बचाव से जुड़े प्रयासों के साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: Bangladesh LPG Cylinder Blast: एक के बाद एक फटे LPG सिलेंडर, 200 गज दूर जा गिरा सिलेंडर… 6 की मौत, 20 झुलसे
कुनार में यह कथित एयरस्ट्राइक ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संबंधों में तनाव बना हुआ है। सीमा सुरक्षा और सैन्य कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी आरोप-प्रत्यारोप सामने आते रहे हैं।
फिलहाल इस हमले को लेकर पाकिस्तान की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया और अफगानिस्तान की तरफ से हताहतों की पुष्टि का इंतजार है। ऐसे में एयरस्ट्राइक में हुए वास्तविक नुकसान और नागरिकों के हताहत होने की संख्या की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
Join Our WhatsApp Community
