UP Election 2027 की तैयारियों के बीच नितिन नवीन का दो दिवसीय दौरा, मेरठ-सहारनपुर में करेंगे संगठन की समीक्षा

नितिन नवीन के दौरे की शुरुआत 21 सितंबर को मेरठ से होगी। यहां वह युवा सम्मेलन में शामिल होने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

4

UP Election 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मेरठ और सहारनपुर में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

नितिन नवीन के दौरे की शुरुआत 21 सितंबर को मेरठ से होगी। यहां वह युवा सम्मेलन में शामिल होने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में बूथ स्तर की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी।

मेरठ में नितिन नवीन पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के जरिए क्षेत्र में संगठन की स्थिति और चुनाव से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करना इस दौरे के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

इसे भी पढ़ें: Pakistan Afghanistan Tension: अफगानिस्तान के कुनार में पाकिस्तानी विमानों की कार्रवाई का दावा, नागरिक के घर पर बम गिराने की खबर

दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ में प्रबुद्धजनों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। बाद में वह सहारनपुर के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर करीब एक बजे पार्टी के एक कार्यकर्ता के घर भोजन का कार्यक्रम है।

सहारनपुर में नितिन नवीन पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें चुनावी तैयारियों, बूथ प्रबंधन, संगठन के विस्तार और आगामी अभियानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: Saudi Arabia में अचानक बढ़ी सुरक्षा चिंता! अमेरिका ने अपने कर्मचारियों के लिए जारी किया नया अलर्ट

पश्चिमी यूपी में कुल 71 विधानसभा सीटें हैं और बीजेपी ने इस क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाई हैं। नितिन नवीन के दो दिवसीय दौरे को इसी व्यापक संगठनात्मक समीक्षा का हिस्सा माना जा रहा है। उनके कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर आगे की तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.