Bangladesh LPG Cylinder Blast: बांग्लादेश की राजधानी ढाका से सटे अशुलिया इलाके में रविवार शाम एलपीजी सिलेंडरों में हुए जोरदार धमाकों के बाद एक गारमेंट फैक्टरी में भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग झुलस गए। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा अशुलिया के जमगोरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि गारमेंट फैक्टरी में इस्तेमाल के लिए एलपीजी सिलेंडरों को एक कवर्ड वैन से उतारा जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडरों में धमाका हो गया। धमाके इतने तेज थे कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आग ने पास में खड़ी पांच से छह गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इसे भी पढ़ें: Telecom मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बनने की ओर ग्वालियर, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया निरीक्षण
धमाकों के बाद फैक्टरी परिसर और आसपास के इलाके में आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद राहत और बचाव दल ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाया। रात करीब सवा 11 बजे कवर्ड वैन के अंदर से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। इनमें से एक मृतक की पहचान 55 वर्षीय जैनब के रूप में हुई है।
हादसे में जैनब की मौत बेहद दर्दनाक तरीके से हुई। वह अपनी बेटी संजीदा अख्तर से मिलने आई थीं, जो घटनास्थल से करीब 200 गज दूर एक टेलर की दुकान में काम करती हैं। धमाके के दौरान एक सिलेंडर उछलकर दुकान की टिन की छत को तोड़ते हुए अंदर जा गिरा और जैनब के सिर से जा टकराया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: MP के गांधी सागर में बढ़ा चीता परिवार, मादा चीता को CM यादव ने दिया ये नाम
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कुल 26 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इनमें फैक्टरी के आसपास मौजूद सब्जी विक्रेता और राहगीर भी शामिल हैं। गंभीर रूप से झुलसे दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
फायर सर्विस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडरों को उतारने के दौरान किस वजह से धमाका हुआ।
Join Our WhatsApp Community
