Bihar: दानापुर में कच्चा मकान ढहने से दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की नींद में मौत

बिहार के दानापुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां इंदिरा आवास के तहत बने मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है।

177
Rescue efforts at a collapsed house in Danapur, Bihar.
A tragic incident in Danapur as a house collapses.

बिहार (Bihar) की राजधानी पटना (Patna) से सटे दानापुर (Danapur) में देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा (Accident) हो गया। यहां दियारा के अकिलपुर थाना क्षेत्र स्थित मानस नया पानापुर 42 पट्टी गांव में एक जर्जर कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिससे मलबे में दबकर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत (Death) हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती रात (रविवार-सोमवार की दरमियानी रात) तब हुआ जब परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। बबलू खान (32) अपनी पत्नी रौशन खातून (30), बेटी रुखशार (12), बेटे मोहम्मद चांद (10) और सबसे छोटी बेटी चांदनी (2) के साथ अपने कच्चे मकान में सो रहे थे, तभी अचानक घर की छत भरभराकर उन पर आ गिरी। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर सबसे पहले आस-पड़ोस के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें – Pratapgarh: कुख्यात गांजा तस्कर के घर छापा, अलमारियों-बक्सों से निकले नोटों के बंडल

मलबे से निकाले गए शव
ग्रामीणों और मौके पर पहुंची पुलिस ने मिलकर फौरन मलबे को हटाने का काम शुरू किया। जब तक मलबे से एक-एक कर सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस मंजर को देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई। अकिलपुर थाना अध्यक्ष विनोद ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।

जर्जर मकान में रहने को मजबूर था परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि जिस मकान में यह परिवार रहता था, वह कई साल पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था। यह मकान काफी समय से जर्जर अवस्था में था और उसकी छत में दरारें भी आ चुकी थीं। बबलू खान की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि वह चाहकर भी इसकी मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। अंततः, इस जर्जर मकान ने पूरे परिवार की जान ले ली।

देखें यह वीडियो – 

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.