Nepal Earthquake: नेपाल के मुगु जिले में बुधवार तड़के लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब ढाई घंटे के अंतराल में आए दोनों भूकंपों का केंद्र मुगु जिले का कालै क्षेत्र रहा। राष्ट्रीय भूकंप मापन एवं अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, पहले भूकंप की तीव्रता 4.5 और दूसरे की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई।
भूकंप मापन केंद्र के अनुसार, पहला झटका बुधवार रात 1 बजकर 51 मिनट पर आया। इसका केंद्र कालै क्षेत्र में जमीन के भीतर बताया गया। इसके करीब ढाई घंटे बाद सुबह 4 बजकर 28 मिनट पर इसी इलाके के आसपास दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। दोनों झटकों के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच हलचल देखी गई।
केंद्र के वरिष्ठ भूकंपविद् डॉ. लोकविजय अधिकारी ने बताया कि दोनों भूकंपों के बीच लगभग ढाई घंटे का अंतर रहा। उन्होंने कहा कि 4.5 और 4.2 तीव्रता के भूकंप से आमतौर पर बड़े स्तर पर नुकसान की आशंका कम होती है। हालांकि, भूकंप के बाद संभावित झटकों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें: Helicopter Crash: लॉस एंजेलिस में न्यूज हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, हादसे में 3 लोगों की गई जान
भूकंपविद् के मुताबिक, किसी बड़े भूकंप के बाद उसी क्षेत्र में पराकंप यानी आफ्टरशॉक आना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि 4 तीव्रता के भूकंप के बाद 3, 2 और 1 तीव्रता के छोटे झटके भी महसूस हो सकते हैं। ऐसे झटके कुछ समय तक जारी रह सकते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पिछले सप्ताह मुस्तांग जिले में आए भूकंप के बाद अब तक करीब 20 से 22 पराकंप दर्ज किए जा चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि भूकंप के बाद छोटे झटकों की गतिविधि कुछ समय तक बनी रह सकती है।
गौरतलब है कि 8 सितंबर की रात करीब 9 बजकर 53 मिनट पर नेपाल के मुस्तांग जिले में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके राजधानी काठमांडू समेत आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए थे। फिलहाल मुगु में आए दोनों भूकंपों से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
Join Our WhatsApp Community
