Manipur में हिंसा का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। तामेंगलोंग जिले में मंगलवार, 15 सितंबर को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव के बाहरी इलाके में स्थित कुछ कच्चे मकानों और फार्म हाउसों में भी आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि हथियारबंद हमलावरों ने कुकी समुदाय की दो महिलाओं को उस समय निशाना बनाया, जब वे लेइसांगफाई गांव के एक सुनसान खेत में जलाने के लिए लकड़ियां इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने दोनों महिलाओं पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, मृत महिलाओं की पहचान 60 वर्षीय चोंगा सितल्हाउ और 30 वर्षीय किंबोई सिंगसन के रूप में हुई है। दोनों के शव घटनास्थल पर खेत में पड़े मिले। उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। बाद में ग्रामीणों ने दोनों शवों को वहां से बरामद किया। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ अन्य ग्रामीणों के बारे में भी अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।
बताया गया है कि महिलाओं की हत्या के बाद हथियारबंद हमलावरों ने गांव के बाहर बने कुछ कच्चे फार्म हाउसों में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में गतिविधियां बढ़ा दी हैं और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: New Delhi: पीजी रजिस्ट्रेशन के लिए 15 दिन में बनेगा समर्पित पोर्टल, नए हॉस्टलों को लेकर भी आई ये अच्छी खबर
यह घटना ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले, 13 सितंबर को भी तामेंगलोंग और नोनी जिलों में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोगों की गोली मारकर हत्या की गई थी।
मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है और 49 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लंबे समय से जारी हिंसा के कारण हजारों लोग विस्थापित भी हुए हैं।
Join Our WhatsApp Community
