Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में ये दोनों सूचकांक गिर कर कुछ देर के लिए लाल निशान में भी पहुंचे, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर इन दोनों सूचकांकों को वापस हरे निशान में पहुंचा दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.28 प्रतिशत और निफ्टी 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 245.49 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,249.31 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 250 अंक से भी ज्यादा उछल कर 74,505.86 अंक तक आ गया। इसके तुरंत बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स पहले आधे घंटे के कारोबार में ही अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में 73,981.33 अंक के स्तर तक गिर गया।
इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे यह सूचकांक रिकवर कर वापस हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 209.59 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,213.41 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसे भी पढ़ें: Nepal में बाढ़ के 21 दिन बाद भी खत्म नहीं हुई तलाश, 5,179 लोग अब भी लापता
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 83 अंक यानी 0.36 प्रतिशत उछल कर 23,201.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली के सपोर्ट से पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 80 अंक की छलांग लगा कर 23,281.15 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया।
शेयरों की लगातार बिक्री होने की वजह से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले निफ्टी गिर कर लाल निशान में 23,116.10 अंक के स्तर पर पहुंच गया इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 71.75 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,190.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,933 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 657 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,276 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर नौ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
इसे भी पढ़ें: Nalanda Temple Case: मासूमियत के आड़ में नफरत फैलाने का खेल, आखिर कौन घोल रहा है मुस्लिम बच्चों के जहन में जहर?
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजी, आईटीसी और नेस्ले के शेयर 1.93 प्रतिशत से लेकर 1.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी), एनटीपीसी, ओएनजीसी और टीसीएस के शेयर 1.66 प्रतिशत से लेकर 0.80 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 777.94 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,003.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,118.60 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
Join Our WhatsApp Community
