UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून की धमाकेदार वापसी! अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी

उप्र के कई जिलों में अगले तीन घंटे गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के लिए जिला स्तरीय नाउकास्ट (तात्कालिक) मौसम चेतावनी जारी की है।

56
Two people walking in the rain with umbrellas in Rajasthan.
People navigate the streets under umbrellas during rainfall.

UP Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर भारत की ओर खिसक गई है। इसके चलते उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को मानसून की अक्षीय रेखा (ट्रफ लाइन) अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से होकर गुजर रही है। यह रेखा आगे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मानसूनी तंत्र के सक्रिय रहने से ट्रफ लाइन उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों और गंगा के तराई वाले इलाकों की ओर बढ़ी है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी राजस्थान और दिल्ली के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ तथा आसपास के क्षेत्रों में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है।

इसे भी पढ़ें: MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून पड़ा कमजोर, 43 जिलों में औसत से कम बारिश, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

डॉ. पांडेय के अनुसार, इस मौसमीय स्थिति के कारण अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए अगले 48 घंटों के दौरान येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि पंजाब और बिहार में भी अगले तीन से छह दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। वहीं राजस्थान के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश की तीव्रता सामान्य या मध्यम रह सकती है, जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

उप्र के कई जिलों में अगले तीन घंटे गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के लिए जिला स्तरीय नाउकास्ट (तात्कालिक) मौसम चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी सुबह 7:04 बजे जारी की गई, जो सुबह 10:04 बजे तक प्रभावी रहेगी। विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, कानपुर देहात और उन्नाव में गरज-चमक के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज वर्षा होने की संभावना है।इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशाम्बी, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बदायूं, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इसे भी पढ़ें: Russia Ukraine War: यूक्रेन के नए सैन्य प्रमुख के आते ही रूस पर हमले हुए तेज, 100 से ज्यादा मौतों का दावा

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.