Ratnagiri Gauri-Ganpati Visarjan: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में गौरी-गणपति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। संगमेश्वर तहसील के माभाले इलाके में शनिवार देर शाम नदी में विसर्जन के दौरान पिता-पुत्र डूब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय युवकों ने दोनों को बचाने के लिए तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। पिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बेटे की जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के मुताबिक, माभाले इलाके में शनिवार को गौरी-गणपति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुरुषोत्तम घड़शी अपने बेटे प्रज्वल घड़शी के साथ नदी में विसर्जन के लिए उतरे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और पानी का बहाव तेज था। दोनों को पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं हो सका और अचानक वे पानी में डूबने लगे।
इसे भी पढ़ें: Kala Amb Accident: तेज रफ्तार Trailer ने मचाई तबाही! बाइक सवार की मौत, कई वाहन हुए Damaged
पिता-पुत्र को नदी में डूबता देखकर वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीण नदी में उतरे और पुरुषोत्तम घड़शी को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे। इसके बाद स्थानीय युवकों ने प्रज्वल की तलाश के लिए नदी में अभियान चलाया।
काफी प्रयास के बाद प्रज्वल को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल चिकित्सा सहायता देने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी और उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हादसा विसर्जन के दौरान नदी में पानी के तेज बहाव और गहराई का अनुमान नहीं लग पाने के कारण हुआ। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
इसे भी पढ़ें: Mumbai Ganpati Mandap के पास करंट का कहर, 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत, 4 घायल
घटना की सूचना मिलने के बाद संगमेश्वर पुलिस स्टेशन की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। गणपति विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में नदी और जलाशयों के पास अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
Join Our WhatsApp Community
