Mumbai Ganpati Mandap: मुंबई के परेल इलाके में स्थित कालाचौकी के महागणपति मंडप के पास शनिवार देर रात बिजली का करंट लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक 8 साल की बच्ची और 33 वर्षीय महिला शामिल हैं। घायलों में 12 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब ढाई बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर महागणपति उत्सव मंडल के पास हुआ। गणपति मंडप के सामने एक अस्थायी कोल्ड ड्रिंक स्टॉल लगाया गया था। स्टॉल के लिए बिजली का कनेक्शन लेने के लिए एक लाल रंग की तार जमीन पर छोड़ी गई थी। इसी तार के संपर्क में आने से छह लोगों को बिजली का जोरदार झटका लगा।
इसे भी पढ़ें: Mumbai Coastal Road पर भीषण BMW हादसा! पुल से 40-50 फीट नीचे गिरी कार, 3 की मौत
हादसे में 8 वर्षीय रागिणी घनश्याम यादव की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं 33 वर्षीय सुजाता ने ग्लोबल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में 19 वर्षीय किरण नाईक, 19 वर्षीय तन्वी हांडे और 19 वर्षीय साहिल तरे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं 12 वर्षीय रुही सिंह की हालत गंभीर है और उसका लालबाग स्थित ग्लोबल अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद रविवार सुबह BEST के अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित मीटर का बिजली कनेक्शन काट दिया। पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और बिजली कनेक्शन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: CM Yogi आज सौंपेंगे 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, Lok Bhavan में होगा कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि यादव परिवार गणपति दर्शन के लिए कालाचौकी आया था। हादसे के बाद मृत बच्ची की मौसी ने मंडल की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडप के पास बिजली की व्यवस्था करते समय सुरक्षा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की पूरी तस्वीर जांच के बाद सामने आएगी।
Join Our WhatsApp Community
