मविया को जोर का झटका, उबाठा और कांग्रेस के इन नेताओं ने छोड़ा साथ

उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस को लगातार झटके लग रहे हैं। इसी क्रम में दोनों पार्टियों को एक और बड़ा झटका लगा है।

222

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना उबाठा के साथ ही कांग्रेस को भी लगातार झटके लग रहे हैं। इसी क्रम में दोनों दलों को एक और बड़ा झटका लगा है। ठाकरे गुट की चर्चित चेहरा मनीषा कायंदे ने जहां पार्टी छोड़कर शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने जा रही हैं, वहीं नागपुर में पूर्व कांग्रेस नेता आशीष देशमुख ने हाथ को छोड़कर कमल थाम लिया है।

इन दोनों नेताओं के पार्टी छोड़ने से महाविकास आघाड़ी को जोर का झटका लगा है। इस तरह के झटके मविया के तीनों सहयोगी दलों को लगातार लग रहे हैं।

मनीषा कायंदे ने ठाकरे गुट को दिया झटका
बता दें कि ठाकरे गुट की आक्रामक नेता के रूप में पहचानी जाने वाली विधान परिषद सदस्य मनीषा कायंदे शिंदे गुट में प्रवेश करेंगी। 18 जून की शाम को वे शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो जाएंगी। मनीषा कायंदे के साथ ही तीन पूर्व नगरसेवक भी शिंदे गुट में शामिल होंगे। चर्चा थी कि मनीषा कायंदे पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थीं। जब से सुषमा अंधारे ने ठाकरे गुट में प्रवेश किया है, तब से ही मनीषा कायंदे की नाराजगी की खबर आ रही थी। इस कारण कहा जा रहा था कि मनीषा कायंदे ने शिंदे समूह में शामिल होने का फैसला कर लिया है।

ठाकरे गुट को पार्टी के स्थापना दिन से एक दिन पहले बड़ा लगा झटका
19 जून को शिवसेना पार्टी का स्थापना दिवस है। इस वर्ष शिंदे गुट और ठाकरे गुट पार्टी का स्थापना दिवस अलग-अलग  मनाएंगे। लेकिन उससे  पहले ही ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा है। शिशिर शिंदे ने मनीषा कायंदे से पहले उपनेता के पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद से अब तक ठाकरे गुट से कई नेता और कार्यकर्ता शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं। इससे ठाकरे गुट की चिंता बढ़ गई है।

कौन हैं मनीषा कायंदे?
विधान परिषद विधायक मनीषा कायंदे ने 2009 में सायन कोलीवाड़ा से भाजपा से चुनाव लड़ा था। फिर 2012 में वे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना में शामिल हो गईं। 2018 में उन्हें विधान परिषद सदस्य बनाया गया।

नागपुर में कांग्रेस के पूर्व नेता भाजपा में शामिल
ठाकरे गुट की शिवसेना के साथ ही कांग्रेस को भी जोर का झटका लगा है। नागपुर में कांग्रेस के पूर्व नेता आशीष देशमुख भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।  उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए।

रणजीत देशमुख के पुत्र हैं आशीष
आशीष कांग्रेस नेता रणजीत देशमुख के पुत्र हैं। रणजीत देशमुख महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे। आशीष देशमुख नागपुर जिले के कटोल से भाजपा के विधायक थे। कुछ साल पहले उन्होंने भाजपा को छोड़ दिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

कांग्रेस की आलोचना को लेकर पार्टी ने की थी कार्रवाई
आशीष देशमुख को मई में कांग्रेस ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इससे पहले आशीष देशमुख ने कांग्रेस की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में पार्टी गलत लोगों के हाथ में हैं। राज्य कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष पृथ्वीराज चव्हाण ने  22 मई को पत्र भेजकर देशमुख के निष्कासन का आदेश जारी किया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.