India Afghanistan Friendship Cup: भारत-अफगानिस्तान फ्रेंडशिप कप पर रोहन जेटली ने जताई खुशी, कही ये बड़ी बात

16

India Afghanistan Friendship Cup: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई ‘द फ्रेंडशिप कप’ टी-20 श्रृंखला के सफल आयोजन को लेकर दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने खुशी जताई है। उन्होंने तीन मैचों की श्रृंखला में भारत की 3-0 से जीत पर भारतीय टीम को बधाई देते हुए इसे क्रिकेट के साथ-साथ दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

रोहन जेटली ने कहा कि श्रृंखला के दौरान दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा। उनके मुताबिक, तीनों मुकाबलों में 85 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने दिल्ली में क्रिकेट के प्रति लोगों की दिलचस्पी और जुनून को दर्शाया। उन्होंने यह भी कहा कि अफगानिस्तान से बड़ी संख्या में प्रशंसक दिल्ली पहुंचे और उन्होंने स्टेडियम में अपनी टीम का समर्थन किया।

इसे भी पढ़ें: Night Sky: आसमान में दिखेगा अनोखा नजारा, 18 से 22 सितंबर तक सबसे चमकदार दिखेगा शुक्र

डीडीसीए अध्यक्ष के अनुसार, अफगानिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ अपनी घरेलू श्रृंखला दिल्ली में खेलना दोनों देशों के बीच खेल के माध्यम से संपर्क और लोगों के बीच जुड़ाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल मैदान पर मुकाबले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने दोनों देशों के प्रशंसकों को एक साथ आने का अवसर भी दिया।

रोहन जेटली ने श्रृंखला के आयोजन में सहयोग के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सभी के प्रयासों से दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की इस श्रृंखला की मेजबानी करने का अवसर मिला।

इसे भी पढ़ें: Mohali: बड़ी वारदात नाकाम, फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले लॉरेंस गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि डीडीसीए और दिल्ली को भारत-अफगानिस्तान के बीच खेले गए तीन मुकाबलों की मेजबानी में योगदान देने पर गर्व है। जेटली ने माना कि इस श्रृंखला के जरिए क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों टीमों के बीच प्रतिस्पर्धी और रोमांचक टी-20 मुकाबले देखने को मिले।

उन्होंने इस आयोजन को दिल्ली के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि मैदान पर नजर आया उत्साह खेल की लोकप्रियता को दर्शाता है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.