Mohali: बड़ी वारदात नाकाम, फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले लॉरेंस गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार

मोहाली में फिरौती की रकम वसूलने के लिए अलग-अलग कोठियों पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

3

Mohali:मोहाली में फिरौती की रकम वसूलने के लिए अलग-अलग कोठियों पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्टल समेत पांच पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और वारदातों से पहले तथा बाद में इस्तेमाल की गई टेंपरेरी नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है।(Mohali)

एसएसपी वरुण शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव और डीआईजी रोपड़ रेंज नानक सिंह के निर्देशों पर पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपितों तक पहुंच बनाई। इस कार्रवाई में सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा और ऑपरेशन सेल प्रभारी इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह की टीमों ने अहम भूमिका निभाई। इन आरोपितों ने मोहाली में तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की थी। पहली वारदात 4 और 5 सितंबर की रात फेज-10 स्थित मकान नंबर 1959 में संजय जडेजा के घर पर हुई, जहां दो बाइक सवारों ने फायरिंग की।(Mohali)

पुलिस का दावा है कि इससे पहले विदेश में बैठे गैंग से जुड़े कुलवीर सिंह सिद्धू ने संजय जडेजा से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। दूसरी वारदात 7 सितंबर को फेज-10 में ही संजय जडेजा के पार्टनर बलजीत सिंह के मकान नंबर 2459 पर हुई। यहां भी दो बाइक सवारों ने फायरिंग की। इस मामले में भी 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। तीसरी वारदात 14 सितंबर को सेक्टर-104 स्थित मकान नंबर 269 में फिल्म प्रोड्यूसर जगदीप सिंह मान के घर पर हुई। फायरिंग के दौरान घर में काम कर रहा सचिन गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि जगदीप सिंह मान से भी 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।(Mohali)

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपित बुड़ैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली के संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि काली जेल से गैंग की गतिविधियां संचालित करता था और आरोपित विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू से भी जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार जस्मनदीप सिंह फायरिंग से पहले कोठियों की रैकी करता था, जबकि दुशंत शर्मा वारदात में इस्तेमाल होने वाले हथियार संभालता था। आकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार और उनका एक अन्य साथी सिमरदीप सिंह उर्फ जशन फायरिंग की वारदातों में शामिल बताए गए हैं।(Mohali)

ये भी पढ़ेंः Make in India: भारतीय वायु सेना की बढ़ेगी ताकत, HAL सौंपेगा तेजस ट्रेनर और HTT-40 की पहली खेप

पुलिस के मुताबिक आकाशदीप सिंह निवासी सेक्टर-35ए चंडीगढ़, प्रवीण कुमार उर्फ कालू निवासी लहरा सौधा बठिंडा, जस्मनदीप सिंह निवासी अंसल कॉलोनी सेक्टर-114 खरड़ और दुशंत शर्मा उर्फ शम्मी निवासी शेखपुरा, जगाधरी, यमुनानगर को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक दुशंत शर्मा के खिलाफ सोहाना थाने में पहले से लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि सिमरदीप सिंह उर्फ जशन की गिरफ्तारी अभी बाकी है। बुड़ैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।(Mohali)

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.