Mumbai: मुंबई के मलबार हिल इलाके में एक 33 वर्षीय युवक को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ विज्ञापन में काम दिलाने और बड़े फैशन शो में अवसर देने का लालच देकर साइबर ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक संजीव आर. निर्मल (33, निवासी वाल्केश्वर, मुंबई) की शिकायत पर मलबार हिल पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और साइबर अपराध की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।(Mumbai)
कोलकाता के फर्जी फैशन डिज़ाइनर ने इंस्टाग्राम से रचा जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित संजीव निर्मल से इंस्टाग्राम के जरिए प्रशांत मजुमदार (निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल) नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को एक बड़ा ‘फैशन डिजाइनर’ बताया और पीड़ित का विश्वास जीत लिया। उसने दावा किया कि वह जुलाई महीने में होने वाले ‘मुंबई टाइम्स फैशन शो’ में एंट्री दिलाएगा और साथ ही कल्याण ज्वेलर्स के टीवी विज्ञापन में अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका देगा। इसके एवज में आरोपी ने 1 लाख रुपये से लेकर 2.5 लाख रुपये तक का मानधन, दो दिनों का होटल स्टे और कैब सुविधा देने का भी झांसा दिया।(Mumbai)
रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर वसूले 47 हजार
कल्याण ज्वेलर्स के विज्ञापन और फैशन शो में अवसर पाने के लालच में आकर पीड़ित आरोपी के झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपी ने रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और पोर्टफोलियो चार्ज के नाम पर अलग-अलग यूपीआय (UPI) ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। आरोपी के कहे अनुसार पीड़ित ने 24 जनवरी 2025 को कुल 5 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 47 हजार रुपये आरोपी को ट्रांसफर कर दिए।(Mumbai)
फर्जी ईमेल से भरोसा जीता, पैसे मांगते ही नंबर किया ब्लॉक
पैसे ऐंठने के बाद आरोपी ने 14 फरवरी 2025 को ‘टीम पेंडुलम प्रॉडक्शन’ (Team Pendulum Production) के नाम से एक फर्जी ईमेल भेजकर सुरक्षा राशि प्राप्त होने की पुष्टि की, ताकि पीड़ित को कोई शक न हो। हालांकि, ईमेल भेजने के बाद आरोपी ने न तो कोई काम दिलाया और न ही ऑडिशन की तारीख बताई। जब पीड़ित संजीव ने काम में हो रही देरी को देखकर अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने टाला-मटोली शुरू कर दी और अंततः पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। साथ ही इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर भी संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया।(Mumbai)
1930 सायबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस में एफआईआर
खुद के साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित संजीव निर्मल ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मलबार हिल पुलिस स्टेशन पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात/नामित आरोपी प्रशांत मजुमदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट (IT Act) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मलबार हिल पुलिस और साइबर सेल की टीम आरोपी के यूपीआई खातों और इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।(Mumbai)

