महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के ढालकाठी गांव में 6 बच्चों की हत्या मामले में आरोपित मां को 31 मई को जिला न्यायालय ने चार दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। इस मामले की गहन छानबीन महाड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश मूल के चिखुरी सहानी अपनी पत्नी रुना सहानी के साथ रायगढ़ जिले की महाड तहसील में ढालकाठी गांव में छह बच्चों सहित रहते थे। 29 मई को पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। इससे नाराज रुना सहानी ने उसी शाम को गांव के कुएं में अपनी पांच बेटियों तथा एक बेटे को ढकेल दिया। इसके बाद आत्महत्या के इरादे से खुद रुना सहानी भी कुएं में कूद गई।
छह बच्चों की मौत
इस घटना में रोशनी चिखुरी सहानी(10), करिश्मा चिखुरी सहानी(8), रेश्मा चिखुरी सहानी(6), विद्या चिखुरी सहानी(5), शिवराज चिखुरी सहानी (3) तथा राधा चिखुरी सहानी( डेढ़ वर्ष) की मौत हो गई थी। रुना चिखुरी सहानी को घायलावस्था में कुएं से निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया। मंगलवार को कोंकण विभागीय पुलिस महानिरीक्षक संजय मोहिते ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उधर महाड पुलिस स्टेशन की टीम ने रुना सहानी पर मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रुना सहानी को जिला कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने रुना सहानी को 4 दिन तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले में पुलिस रुना सहानी के साथ उसके पति चिखुरी सहानी से भी पूछताछ कर रही है।