MP Weather Update: 6 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, फिलहाल बारिश की रफ्तार पड़ी धीमी

मौसम विभाग के मुताबिक, जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग सहित पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

39
व्यक्ति बारिश में छाता लेकर चल रहा है
बारिश के दौरान एक महिला छाता लेकर चल रही है।

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर कमजोर होने के कारण सोमवार को अधिकांश क्षेत्रों में केवल बादल और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। 4 और 5 अगस्त तक यही स्थिति बनी रहेगी, जबकि 6 अगस्त से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से कई जिलों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

प्रदेश में पिछले चार दिनों से कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं हुई है। इसका असर मौसमी आंकड़ों पर भी दिखाई दे रहा है। अब तक मध्य प्रदेश में औसतन 15.9 इंच (404.2 मिमी) बारिश हुई है, जबकि इस समय तक 19 इंच (482 मिमी) वर्षा हो जानी चाहिए थी। यानी प्रदेश में सामान्य से करीब 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

इसे भी पढ़ें: Donald Trump के नए टैरिफ के खिलाफ 25 अमेरिकी राज्यों की बगावत, कोर्ट ऑफ इंटरनेशनल ट्रेड में मुकदमा

पूर्वी मध्य प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित

मौसम विभाग के मुताबिक, जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग सहित पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस क्षेत्र का कोई भी जिला सामान्य वर्षा के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका है। अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में सामान्य से 1 से 42 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

पश्चिमी हिस्से में भी कमी

प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भी बारिश सामान्य से कम रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग में औसतन 11 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, हरदा, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से कम बारिश हुई है।

इसे भी पढ़ें: Census 2026: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत चार राज्यों में 1 सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण

इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बड़वानी, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खंडवा और खरगोन ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

तीन सिस्टम सक्रिय, लेकिन असर कमजोर

प्रदेश के ऊपर इस समय दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक मानसून ट्रफ सक्रिय हैं, लेकिन इनका प्रभाव कमजोर बना हुआ है। इसी कारण अधिकांश स्थानों पर केवल हल्की बारिश या बादल छाए रहने की स्थिति है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 अगस्त से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मानसून फिर जोर पकड़ सकता है और कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.