Lok Sabha Elections: भाजपा की पहली सूची में मप्र की 24 सीटों पर उम्मीदवार घोषित, साध्वी प्रज्ञा सहित इन छह सांसदों के कटे टिकट

मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं, जिनमें 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 28 सीटों पर कब्जा किया था।

65

Lok Sabha Elections: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शनिवार को पहली सूची जारी कर दी है। इसमें कुल 195 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। जिसमें मध्य प्रदेश की 29 में से 24 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। गुना सीट से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट दिया गया है, जबकि विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया है।

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर शनिवार शाम हुई पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने पहली सूची में जारी 195 उम्मीदवारों के नाम बताए। इनमें मध्य प्रदेश के 24 उम्मीदवार भी शामिल हैं।

साध्वी प्रज्ञा सिंह सहित इन छह सांसदों के कटे टिकट
भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत छह सांसदों के टिकट कट गए हैं। भाजपा ने भोपाल से पूर्व महापौर आलोक शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, गुना से सांसद डॉ. केपी यादव का टिकट काट कर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम का ऐलान किया गया है। विदिशा से रमाकांत भार्गव का टिकट काटकर शिवराज सिंह चौहान को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा ग्वालियर से विवेक नारायण शेजवालकर, सागर से राजबहादुर सिंह और रतलाम से गुमान सिंह डामोर का टिकट कटा है।

इन्हें मिला टिकट
भाजपा ने मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर, भिंड से संध्या राय, ग्वालियर से भारत सिंह कुशवाह, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया, विदिशा से शिवराज सिंह चौहान, भोपाल से आलोक शर्मा, सागर से लता वानखेड़े, दमोह से राहुल लोधी, खजुराहो से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सतना से गणेश सिंह, रीवा से जनार्दन मिश्रा, शहडोल से हिमाद्री सिंह, जबलपुर से आशीष दुबे को टिकट दिया है। वहीं, टीकमगढ़ से डॉ. वीरेंद्र खटीक, सीधी से राजेश मिश्रा, बैतूल से दुर्गादास उइके, मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते, नर्मदापुरम दर्शन सिंह चौधरी, राजगढ़ से रोड़मल नागर, देवास से महेंद्र सिंह सोलंकी, खरगौन से गजेन्द्र पटेल, खंडवा से ज्ञानेश्वर पाटिल, मंदसौर से सुधीर गुप्ता और रतलाम से अनीता नागर सिंह चौहान को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।

Loksabha Election 2024: दिल्ली में चार नए चेहरे; वहीं यूपी में इन चार सांसदों के कटे टिकट

भाजपा ने मुरैना, दमोह, नर्मदापुरम, सीधी और जबलपुर सीट से उम्मीदवार बदले हैं, क्योंकि मुरैना से पिछली बार सांसद बने नरेन्द्र सिंह तोमर फिलहाल मप्र विधानसभा के अध्यक्ष हैं। जबकि दमोह से प्रह्लाद सिंह पटेल, नर्मदापुरम उदय प्रताप सिंह, सीधी से रीति पाठक और जबलपुर से राकेश सिंह इस बार मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए हैं। इनमें प्रह्लाद सिंह पटेल, उदय प्रताप सिंह और राकेश सिंह राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

मध्य प्रदेश में कुल 29 सीटें
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं, जिनमें 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 28 सीटों पर कब्जा किया था। एकमात्र छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। छिंदवाड़ा कमलनाथ का गढ़ माना जाता है और यहां से उनके पुत्र नकुलनाथ जीते थे। भाजपा ने अब पहली सूची में 24 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, जबकि पांच सीटों- छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, बालाघाट, धार पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.