भाजपा के व्हिप जारी करने का क्या है रहस्य?…. जानिये इस खबर में

भाजपा सांसदों से कहा गया है कि लोकसभा में चर्चा और पारित होने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण विधायी कदम उठाए जाएंगे, इसलिए लोकसभा में सभी बीजेपी सदस्य मौजूद रहें।

90

भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदो के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने इस व्हिप में 13 फरवरी को सदन में मौजूद रहकर सरकार के कदमों का समर्थन करने को कहा है। भाजपा सांसदों से कहा गया है कि लोकसभा में चर्चा और पारित होने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण विधायी कदम उठाए जाएंगे, इसलिए लोकसभा के सभी बीजेपी सदस्यों से अनुरोध है कि वे 13 फरवरी को सुबह 10 बजे से दिन भर सदन में मौजूद रहें और सरकार के रुख का समर्थन करें।

ये है वजह
भारतीय जनता पार्टी ने यह निर्देश किसान आंदोलन के बीच सदन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा कोई संवैधानिक बिल ला सकती है, जिसके लिए सदन में सभी पार्टी सांसदों को मौजूद रहना जरुरी होगा।

ये भी पढ़ेंः दिनेश त्रिवेदी ने क्यों छोड़ा ममता का आंचल?… जानिये इस खबर में

12 फरवरी को बजट सत्र का पहला चरण समाप्त
12 फरवरी को बजट सत्र के पहले चरण का अंतिम दिन था। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक चली। संसद बजट सत्र का दूसरा चरण 8 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक जारी रहेगा। 13 फरवरी को सुबह 10 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होगी। राज्यसभा की कार्यवाही 8 मार्च तक स्थगित होने के साथ ही 12 फरवरी को लोकसभा की कार्यवाही का प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजप के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों से मुलाकात की।

केंद्र सरकार को दी चेतावनी
इस बीच किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार के रुख पर भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार का सिक्का किसानों पर नहीं चलेगा। हम अपनी मांग को लेकर अडिग हैं और जब तक तीनों कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाता, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों को अपमानित करने का आरोप लगाया।

संयुक्त किसान मोर्चा ने किया ऐलान
बता दें कि 11 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा ने अपनी आगे की रणनीतियों का ऐलान किया है। इस रणनीति के तहत 14 फरवरी को पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की शहादत को याद करने के लिए देश भर में कैंडल मार्च और मशाल जुलूस, 16 फरवरी को किसानों के मसीहा छोटूराम चौधरी की जयंती पर एकजुटता रैली और 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक देश भर मे रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.