Stock Market Today: बाजार खुलते ही मची हलचल, सेंसेक्स संभला लेकिन निफ्टी पर दबाव बरकरार

34

Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती घंटे के दौरान मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.46 प्रतिशत और निफ्टी 0.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

मजबूत वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट की वजह से बीएसई का सेंसेक्स आज 626.43 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,055.38 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव पर जाने के कारण पहले 20 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 300 अंक से अधिक गिर कर 78,745.61 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 359.31 अंक की मजबूती के साथ 78,788.26 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसे भी पढ़ें: Gold Price Today: गोल्ड खरीदने वालों के लिए राहत, सोने की कीमत में गिरावट, चांदी जस की तस

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 54.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत उछल कर 24,669.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक फिसल कर लाल निशान में 24,581.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 3.75 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 24,618.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,774 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,979 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 795 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर छह शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

इसे भी पढ़ें: Jammu Kashmir Security: अनुच्छेद 370 की बरसी पर जम्मू-कश्मीर हाई अलर्ट, अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से लार्सन एंड टूब्रो, इंटर ग्लोब एविएशन, एचडीएफसी लाइफ, श्रीराम फाइनेंस और एनटीपीसी के शेयर 1.90 प्रतिशत से लेकर 1.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल, सन फार्मास्युटिकल्स, टीसीएस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.16 प्रतिशत से लेकर 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 210.08 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,428.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 159.40 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,614.90 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.