Sagar: मध्य प्रदेश की 70वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का बुधवार को सागर में विधिवत शुभारंभ हुआ। संदीपनी विद्यालय के सभागार में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक शैलेंद्र जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी की मौजूदगी में किया गया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के जनजातीय संभाग सहित प्रदेश के कुल 10 संभागों से करीब 200 खिलाड़ी, कोच और खेल अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।(Sagar)
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेलों को लेकर समाज में पहले जो धारणा थी, उसमें अब काफी बदलाव आया है। कभी कहा जाता था कि “खेलोगे-कूदोगे होगे खराब”, लेकिन आज खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे युवा अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।(Sagar)
उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पूरे उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरें।(Sagar)
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार बजट और सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।(Sagar)
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में हमेशा जीत के उद्देश्य से उतरना चाहिए, लेकिन खेल में हार भी सीखने का अवसर होती है। इसलिए किसी मुकाबले में पराजय मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे और अधिक मेहनत करनी चाहिए।(Sagar)
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, सागर संभाग शत्रुंजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के दौरान कुल 96 मुकाबले खेले जाएंगे। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा।(Sagar)
मां सरस्वती के पूजन से हुई शुरुआत
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। समारोह में खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन का महत्व समझाते हुए शपथ भी दिलाई गई। फील्ड मार्शल रविंद्र खटोल की देखरेख में खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई।(Sagar)
पांच दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुरुआती दिन ही विभिन्न संभागों के बीच कई मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।(Sagar)
प्रतियोगिता के प्रथम दिन बालिका 17 वर्ष वर्ग में उज्जैन ने ग्वालियर को पराजित किया। रीवा की टीम ने शहडोल को शिकस्त दी, जबकि सागर ने जनजातीय संभाग के खिलाफ जीत दर्ज की। इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में जबलपुर ने नर्मदापुरम को हराया।(Sagar)
बालक 14 वर्ष वर्ग में नर्मदापुरम ने जनजातीय संभाग को मात दी। भोपाल ने सागर को पराजित किया, जबकि ग्वालियर की टीम ने शहडोल के खिलाफ जीत दर्ज की। वहीं बालिका 14 वर्ष वर्ग के मुकाबलों में जबलपुर ने सागर को हराया। इंदौर ने जनजातीय संभाग को शिकस्त दी। रीवा ने नर्मदापुरम को पराजित किया, जबकि ग्वालियर ने शहडोल को हराकर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया।(Sagar)
ये भी पढ़ेंः Love Jihad: सच सामने आते ही दरिंदगी पर उतरा शाहनवाज! वायरल वीडियो ने उड़ाए होश, पुलिस ने दबोचा
राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों के बीच मुकाबले जारी हैं। पांच दिनों तक चलने वाले आयोजन के अंत में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा।(Sagar)
Join Our WhatsApp Community
