Armed forces के पदक विजेताओं का हुआ सम्मान, रक्षा मंत्री बोले- एक सैनिक हमेशा शानदार प्रदर्शन करता है

रक्षा मंत्री ने विभिन्न खेल आयोजनों में हमेशा से पदक जीतने और विजेता बनने के लिए सशस्त्र बलों के जवानों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चाहे युद्ध का मैदान हो या फिर खेल का मैदान, एक सैनिक हमेशा ही समर्पण, अनुशासन, कड़ी मेहनत तथा देश के लिए कुछ करने की इच्छाशक्ति के कारण शानदार प्रदर्शन करता है।

78

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने हाल ही में चीन के हांगझोऊ में संपन्न हुए 19वें एशियाई खेलों (19th Asian Games) में भाग लेने वाले सशस्त्र बलों के पदक विजेताओं, प्रतिभागियों और सहायक कर्मचारियों को 17 अक्टूबर, 2023 को सम्मानित किया। रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित हुए सम्मान समारोह में भाग लेने वाले कुल 76 खिलाड़ियों एवं कर्मचारियों के साथ बातचीत की और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी।

पदक विजेताओं को नकद धनराशि पुरस्कार देने की घोषणा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सशस्त्र बलों (Armed forces) के उन कर्मियों को नकद धनराशि पुरस्कार देने की घोषणा की है, जिन्होंने 19वें एशियाई खेलों में 16 व्यक्तिगत पदक (03 स्वर्ण, 06 रजत और 07 कांस्य पदक) तथा आठ टीम पदक (02 स्वर्ण, 03 रजत व 03 कांस्य पदक) हासिल करके देश का गौरव बढ़ाया है और एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अपनी योग्यता साबित की है। रक्षा मंत्रालय के सौजन्य से स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये; रजत पदक पाने वालों 15 लाख रुपये और कांस्य पदक जीतने वालों को 10 लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। 23 सितंबर से 08 अक्टूबर, 2023 तक आयोजित हुए 19वें एशियाई खेलों में तीन महिला एथलीटों सहित 88 सैनिकों की एक टुकड़ी ने 18 विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया था।

सभी प्रतिभागियों के प्रयासों को सराहा
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सभी एथलीटों के प्रयासों की सराहना की, जिनमें वे खिलाड़ी भी शामिल थे जिन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन पदक नहीं प्राप्त कर सके। राजनाथ सिंह ने उन्हें फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का उदाहरण दिया, जो 1960 के रोम ओलंपिक में 400 मीटर की दौड़ में बेहद मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गए थे, लेकिन उसके बावजूद वे भारतीय एथलेटिक्स के मार्गदर्शक के रूप में उभर कर सामने आए। उन्होंने कहा कि मिल्खा सिंह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

प्रेरणा बनेंगे ये पदक
राजनाथ सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि ये पदक एवं प्रदर्शन देश के सभी युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप केवल एक तमगे का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, बल्कि आप भारतीय समाज की उत्कृष्टता की गाथा का भी उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि आप सभी युवाओं को प्रेरणा देने का एक बड़ा माध्यम हैं।

एक सैनिक हमेशा शानदार प्रदर्शन करता है
रक्षा मंत्री ने विभिन्न खेल आयोजनों में हमेशा से पदक जीतने और विजेता बनने के लिए सशस्त्र बलों के जवानों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चाहे युद्ध का मैदान हो या फिर खेल का मैदान, एक सैनिक हमेशा ही समर्पण, अनुशासन, कड़ी मेहनत तथा देश के लिए कुछ करने की इच्छाशक्ति के कारण शानदार प्रदर्शन करता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि ये सभी गुण हमें खेल स्पर्धाओं में पदक हासिल करने में सहायता पंहुचाते हैं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक के भीतर एक खिलाड़ी होता है और एक खिलाड़ी के भीतर एक सैनिक छिपा हुआ होता है।

यह भी पढ़ें – धर्मेंद्र प्रधान ने लॉन्च किया वेब पोर्टल Apna Chandrayaan, युवाओं तक पहुंचेंगी चंद्रयान की कहानियां

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.