एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में भारत (India) की पाकिस्तान (Pakistan) पर शानदार जीत के बाद एक अभूतपूर्व विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय टीम (Indian Team) ने जब एशियाई क्रिकेट परिषद (Asian Cricket Council) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) के चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया, तो वे नाराज होकर ट्रॉफी और भारतीय खिलाड़ियों के मेडल्स लेकर अपने होटल चले गए। इस शर्मनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान जारी कर इस पूरे मामले की जानकारी दी।
एशिया कप फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मोहसिन नकवी मंच पर मौजूद थे, लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी। बीसीसीआई ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष से ट्रॉफी स्वीकार करने की इच्छा जताई। इस बात से नाराज होकर नकवी ने एशिया कप की ट्रॉफी और टीम इंडिया के पदक उठाए और समारोह से सीधे अपने होटल के लिए निकल गए। एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को ट्रॉफी देने की कोई जरूरत नहीं है।
बीसीसीआई ने लगाई कड़ी फटकार
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने नकवी के इस कृत्य पर हैरानी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से क्यों मना किया।
सैकिया ने अपने बयान में कहा, “एसीसी अध्यक्ष जिस देश (पाकिस्तान) से हैं, भारत उसके साथ युद्ध लड़ रहा है। हम अपने देश के साथ युद्ध करने वाले देश के प्रतिनिधि से ट्रॉफी स्वीकार नहीं कर सकते। इसीलिए हमने ट्रॉफी लेने से इनकार किया।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने ट्रॉफी लेने से मना किया, इसका मतलब यह नहीं था कि वह (नकवी) ट्रॉफी को अपने होटल ले जाएं। उनका यह रवैया असहनीय और खेल भावना के पूरी तरह खिलाफ है। हम मांग करते हैं कि वह जल्द से जल्द ट्रॉफी भारत को लौटाएं।”
कार्रवाई के मूड में बीसीसीआई
बीसीसीआई अब एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। देवजीत सैकिया ने कहा, “पुरस्कार वितरण समारोह में जो कुछ भी हुआ, बीसीसीआई उसकी कड़ी निंदा करता है और इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग करेगा।” इस घटना ने क्रिकेट जगत में एक नए विवाद को जन्म दे दिया है, और अब देखना यह होगा कि एसीसी इस पर क्या कदम उठाता है।
देखें यह वीडियो –
Join Our WhatsApp Community
