मोरबी हादसाः दुनिया भारत के साथ, अमेरिका सहित इन देशों ने भी जताया शोक

गुजरात के मोरबी हादसे में हुई मौतों पर दुनिया भारत के साथ दुखी है।

115

भारतीय प्रांत गुजरात के मोरबी में पुल गिरने के हादसे में हुई मौतों पर दुनिया भारत के साथ दुखी है। कई देशों ने हादसे पर शोक जताकर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

रूस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजे शोक संदेश में गुजरात में पुल ढहने के दुखद घटनाक्रम पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर करने के साथ घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। रूस के राजदूत डेनिस एलीपोव ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के साथ संवेदना जाहिर की है।

नेपाल
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने कहा कि गुजरात के मोरबी में पुल गिरने की दुखद घटना से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने बहुमूल्य जीवन के नुकसान पर भारत सरकार और भारत के लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

पोलैंड
पोलैंड के विदेश मंत्री ज्बिगन्यू राउ ने मोरबी में हुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस शहर का भारत और पोलैंड के रिश्तों में अहम स्थान है।

अमेरिका
भारत में अमेरिकी दूतावास ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। दूतावास की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि गुजरात में पुल ढहने की घटना से भारत में अमेरिकी दूतावास अत्यधिक दुखी है। इस भयावह हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ट्वीट में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गयी है।

ब्रिटेन
भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने घटना को भयावह और चौंका देने वाला करार दिया।

सिंगापुर
भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने कहा कि गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज टूटने से कई लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। मृतकों, घायलों के परिवार और उनके दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि उनका दिल गुजरात के लोगों के साथ है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.