बिहार में नहीं थम रहा है हत्याओं का दौर, अब पैक्स अध्यक्ष को गोली मारने वाले आरोपी के साथ हो गया ऐसा

1 मई की रात अपराधियों ने भोज खाकर घर लौट रहे राजद नेता पूर्व मुखिया और वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुखराम महतो को गोली मार दी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सुखराम महतो का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

177

बिहार के बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष और पूर्व मुखिया को गोली मारने वाले अपराधी को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव की है। मृतक स्थानीय निवासी सौरभ महतो के रूप में की गई है।

ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया पैक्स अध्यक्ष की हत्या का आरोपी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 1 मई की रात अपराधियों ने भोज खाकर घर लौट रहे राजद नेता पूर्व मुखिया और वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुखराम महतो को गोली मार दी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सुखराम महतो का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। गोली मारने वाले आरोपितों को पुलिस खोज रही थी। इसी दौरान 2 मई की सुबह करीब 6:30 बजे एक आरोपी सौरभ महतो ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों को अपनी ओर दौड़ता देखकर इसने भागने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही पहुंच गई पुलिस
आरोपित के पिटाई की सूचना मिलते ही पहुंची वीरपुर थाना की पुलिस ने उसे ग्रामीणों से बचाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया। जहां इलाज के दौरान सौरभ महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बड़हरा निवासी स्वर्गीय गौरी महतो का पुत्र सौरभ महतो भी अपराधी था और करीब एक साल पहले हत्या के एक मामले में जेल से निकला था।

 पूर्व मुखिया और पैक्स अध्यक्ष ने दी सुधरने की सलाह
जेल से निकलने के बाद इसकी संदेहास्पद गतिविधि को देखकर सुखराम महतो ने पंचायती के दौरान सुधरने की सलाह दी। इसी से आक्रोशित होकर उसने रात में सुखराम महतो को गोली मार दी। सदर डीएसपी के नेतृत्व में चल रही पुलिस छापेमारी के डर से सभी आरोपी फरार थे। सुबह में सौरभ जब घर पर चाय पीने आया तो इसी दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ गई तथा आक्रोशित भीड़ के हत्थे चढ़ कर मारा गया।

सदर डीएसपी ने दी जानकारी
सदर डीएसपी अमित कुमार ने 2 मई  को सुबह बताया कि 1 मई की की देर शाम पूर्व मुखिया और वर्तमान सरपंच पति सुखराम महतो को अपराधियों ने गोली मार दी थी। अनुसंधान में तीन अपराधियों के नाम सामने आए थे। इसमें से मुख्य आरोपी सौरभ महतो को मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। सौरभ भी अपराधी था एवं उस पर कई मामले दर्ज हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.