Manipur: गोलीबारी में चार की मौत, सुरक्षाबलों ने सौ से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

शुरुआत में उक्त चारों के लापता होने को लेकर बिष्णुपुर के कुंबी पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बाद में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया तो मृतकों के शव बरामद हुए।

119

मणिपुर (Manipur) में एक बार फिर बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों के सीमावर्ती गांवों में गोलीबारी (firing) हुई। इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत (Four killed) हुई। शुरू में चार लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन गुरुवार को पुलिस ने चारों के शव मिलने की सूचना दी है।

मैतेई समुदाय के गांववासी
बिष्णुपुर के कुंबी पुलिस थाने के अनुसार हिंसा की यह घटना बुधवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिले की सीमा पर स्थित हाउतक फाइलेन गांव में हुई। बिष्णुपुर जिले के हाउतक फाइलेन गांव में मैतेई समुदाय (meitei community) के लोग रहते हैं। यह गांव बिष्णुपुर जिला मुख्यालय से करीब 38 किमी दूर स्थित है।

गांव में घुसे कुकी समुदाय के बंदूकधारी
ग्रामीणों के अनुसार कुकी समुदाय के बंदूकधारियों (gunman of kuki community) का एक समूह हाउतेक फाइलेन गांव के उत्तर-पूर्व में स्थित पास के गांव तम्फा खुनौ से गांव में घुसा। उन्होंने गांव के जंगलों में लकड़ी काटना और अदरक को निकालना शुरू कर दिया। गांव के स्वयंसेवकों ने अवैध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्हें पेड़ काटने और अदरक निकालने से रोक दिया। अवैध गतिविधि को विफल होते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी एक घंटे से अधिक समय तक चली। इसमें चार लोगों की मौत गोली लगने से हुई है। गोलीबारी में मारे गए चारों लोग मैतेई समुदाय के है। मृतकों की पहचान ओइनम रोमेन मैतेई (45), अहानथेम दारा मैतेई (56), थौदाम इबोमचा मैतेई (53) और थौदाम आनंद मैतेई (27) के रूप में हुई है। इनमें से अहानथेम और उनका बेटा आनंद भी शामिल है। सुरक्षा बलों ने एक सौ से अधिक निवासियों को भी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है।

सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान में मिले मृतकों के शव
शुरुआत में उक्त चारों के लापता होने को लेकर बिष्णुपुर के कुंबी पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बाद में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया तो मृतकों के शव बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने हवा में गोलियां चलाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। इस बीच सुरक्षाकर्मियों ने प्रभावित गांव के सैकड़ों निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। खबर मिली है कि गुरुवार को भी गोलीबारी हुई है। जानकारी मिलने पर अतिरिक्त सुरक्षाबल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। (हि.स.)

यह भी पढ़ें – अयोध्या-अहमदाबाद के बीच शुरू हुई Indigo की हवाई सेवा

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.