Jammu-Kashmir के ऊधमपुर जिले के मजालता इलाके में बुधवार देर रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया। खुबन इलाके में संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। इसके बाद सुरक्षाबलों और संदिग्ध आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मजालता तहसील के खुबन इलाके में सात से आठ आतंकियों की संभावित मौजूदगी को लेकर इनपुट मिल रहे थे। हालांकि, इन सूचनाओं की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई थी। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थीं।
इसे भी पढ़ें: Dombivli Crime: मुंबई के डोंबिवली में 4 साल की बच्ची से की गई दरिंदगी, पड़ोसी की करतूत से मचा हड़कंप
बुधवार शाम रामकोट-बिलावर मार्ग के आसपास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। रात करीब नौ बजे जवानों का संदिग्ध आतंकियों से सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान इलाके में भारी फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। सुरक्षा बलों की ओर से रॉकेट दागे जाने की भी जानकारी सामने आई है। शुरुआती सूचनाओं में दो से तीन आतंकियों के मारे जाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, रात के समय अंधेरा और इलाके की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अभियान को रोकना पड़ा।
इसे भी पढ़ें: Manoj Jarange Patil: 20 दिन बाद मनोज जरांगे ने तोड़ी भूख हड़ताल, फडणवीस सरकार को दिया 3 महीने का वक्त
इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। सुरक्षाबलों ने संभावित भागने के रास्तों को भी घेर लिया और सुबह होते ही तलाशी अभियान आगे बढ़ाया गया। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मजालता क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान जारी रखा है।

