Donald Trump: हमले से ठीक पहले बदला ट्रंप का फैसला, अब ईरान के साथ शुरू होगी अहम बातचीत

एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनकी प्राथमिकता युद्ध नहीं, बल्कि समाधान है।

31

Donald Trump: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार दोपहर से मध्यस्थों के जरिए बातचीत शुरू होगी। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यह वार्ता क्षेत्र में तनाव कम करने और किसी संभावित समझौते का रास्ता खोल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई रोक दी गई है।

एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनकी प्राथमिकता युद्ध नहीं, बल्कि समाधान है। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत सफल होती है तो इससे बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती है। ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है, हालांकि सभी विकल्प अभी भी खुले हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: Mahakal Shahi Sawari: ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच उज्जैन में आज निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर और ओमान की कूटनीतिक पहल के बाद उन्होंने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल रोकने का फैसला किया। इन देशों ने क्षेत्रीय तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मध्यस्थ देश 60 दिनों के एक अस्थायी समझौते पर काम कर रहे हैं। इस प्रस्ताव के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही सामान्य बनाए रखने और किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क या अवरोध नहीं लगाने पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की संभावना जताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें: Bypoll Results 2026: 3 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग शुरू, कौन मारेगा बाजी?

हालांकि खाड़ी देशों के रुख में भी कुछ अंतर देखने को मिल रहा है। जहां सऊदी अरब ने अमेरिका से संयम बरतने और सैन्य कार्रवाई से बचने की अपील की है, वहीं यूएई ईरान के खिलाफ अधिक सख्त रुख अपनाने के पक्ष में बताया जा रहा है।

दूसरी ओर, ईरान ने ट्रंप के दावों पर सवाल उठाए हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने किसी औपचारिक समझौते से इनकार करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अभी तक कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी से जुड़े सूत्रों का भी कहना है कि बातचीत की प्रक्रिया जारी है, लेकिन किसी समझौते की पुष्टि करना अभी जल्दबाजी होगी।

अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें सोमवार से शुरू होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं। यदि बातचीत सकारात्मक रहती है तो पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को कम करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है, जबकि असफलता की स्थिति में क्षेत्र में हालात फिर से गंभीर हो सकते हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.