नोएडाः श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, महिलाओं ने इस तरह मनाया जश्न

7 अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एक महिला के साथ ना केवल बदसलूकी बल्कि हाथापाई और गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे थे।

107

नोएडा की एक सोसाइटी में महिलाओं से कथित रूप से बदतमीजी करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी पर योगी सरकार ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। 8 अगस्त को नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान वहां मौजूद पीड़ित महिलाओं ने ताली बजाकर और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

नोएडा के सेक्टर 93 के ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी ने कथित रूप से काफी पहले से ही अवैध निर्माण कर रखा है। 2019 में भी सोसाइटी के लोगों ने उसके खिलाफ नोएडा अथॉरिटी में शिकायत की थी। लेकिन अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर वह बच निकला था। अब महिलाओं से बदसलूकी करने का वीडियो वायरल होने के बाद उसका बच पाना मुश्किल है।

दबोचे गए छह लोग
नोएडा फेस-2 स्थित ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में महिला के साथ बदसलूकी करने के मामले में फरार चल रहे कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के समर्थन में 7 अगस्त की देर रात करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने पथराव किया। हालांकि भीड़ ने 6 लोगों को दबोच लिया।

स्थानीय सांसद महेश शर्मा ने पुलिस को लगाई लताड़
घटना की सूचना पर पहले पुलिस पहुंची और लोगों से वार्ता की। इस दौरान गुस्साए निवासियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में स्थानीय सांसद डॉ महेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लताड़ लगाई। मौके पर 8 अगस्त की सुबह तक हंगामा जारी था। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। बाद में श्रीकांत त्यागी मामले में डीएम सुहास अलवाई और पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसायटी पहुंचे। इस दौरान डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि श्रीकांत त्यागी के खिलाफ सख्त से सख्त करवाई की जाएगी और उसकी सम्पत्ति की कुर्की की जाएगी। इसके लिए विधिक करवाई की जा रही है।

वीडियो जारी होने पर बवाल
7 अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एक महिला के साथ ना केवल बदसलूकी बल्कि हाथापाई और गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे थे। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। तो नोएडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। श्रीकांत तभी से फरार चल रहा है। इस दौरान नोएडा पुलिस ने त्यागी के तलाश में नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, गुड़गांव आदि स्थानों पर छापेमारी की है लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। भाजपा भी श्रीकांत से पल्ला झाड़ चुकी है।

7 अगस्त को फिर बढ़ गया बवाल
यह मामला 7 अगस्त की देर रात उस समय एक बार फिर गर्मा गया, जब श्रीकांत त्यागी के समर्थन में लाठी-डंडे लिए करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने सोसायटी के अंदर घुस कर पथराव किया और डंडे चलाए। इस दौरान सोसाइटी में काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और छह लोगों को दबोच लिया। जबकि बाकी लोग फरार हो गए। पुलिस ने पथराव की घटना से इनकार किया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.