मुंबईः गोदाम में भीषण आग लगने से अफरातफरी

मुंबई के मानखुर्द इलाके में भीषण आग लगी है। दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद है।

125

मुंबई के मानखुर्द इलाके में भीषण आग लगी है। यह आग गोदाम में लगने की जानकारी मिली है। दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद है और दमकल विभाग के जवान आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। इस क्षेत्र से आग के साथ ही काला धुआं के गुब्बार निकलते देखे जा रहे हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों ने इसे 2 लेवल यानी भीषण आग लगने की बात बताई है। हालांकि आग लगने के कारणों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यह आग दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर लगने की जानकारी मिली है।

जिस गोदाम में आग लगी है, उसमें स्क्रैप मैटेरियल रखे जाने की बात सामने आई है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन इससे बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

महाराष्ट्र में आग लगने की घटनाएं बढ़ीं
मुंबई और महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। 3 फरवरी को भी मुंबई के गोरेगांव स्थित एक फिल्म स्टूडियो में भीषण आग लग गई थी। गनीमत यह रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन स्टूडियो में रखी कुर्सियां और टेबल जलकर राख हो गए। वास्तव में कोरोना संक्रमण में जारी लॉकडाउन की वजह से यह स्टूडियो बंद था और यहां कोई काम नहीं हो रहा था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया था।

यहां भी लगी थी आग
3 फरवरी को महाराष्ट्र के वर्धा स्थित उत्तम गलवा मेटालिक्स स्टील संयंत्र में आग लग गई थी। इस आग में 26 मजदूर झुलस गए थे। इनमें से 6 की हालत गंभीर थी। इससे पहले ठाणे शहर के वागले पुलिस स्टेशन के पास एक कंपनी में भी आग लग गई थी। बायोसेल नामक इस कंपनी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी।
पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट के मंजरी परिसर में भी भीषण आग लग गई थी। इस आग में पांच लोगों की मौत हो गई थी। सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.