इतिहास में 12 सितंबरः सारागढ़ी की वो लड़ाई, जिस पर बनी फिल्म ‘केसरी’

किले पर पठानों ने कब्जा कर लिया, लेकिन एक दिन बाद ही अंग्रेजों ने पठानों से किले को वापस छुड़ा लिया। 2019 में आई अक्षय कुमार की फिल्म केसरी इसी युद्ध पर आधारित है।

250

देश-दुनिया के इतिहास में 12 सितंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख सारागढ़ी युद्ध (saragarhi battle) में सिख सैनिकों (sikh soldiers)के शौर्य और पराक्रम की गवाह है। वाकया 1897 का है। तत्कालीन नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर प्रोविंस (North West Frontier Province) का तिराह इलाका अब पाकिस्तान में है। करीब छह हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस इलाके में अंग्रेजों के दो किले थे। ये किले गुलिस्तां और लॉक्हार्ट में थे। इन किलों के बीच में सारागढ़ी चौकी थी। यह पठानों (Pathans) का इलाका था।

21 सिख सैनिकों ने किया 14 हजार पठानों का मुकाबला
अपने इलाके में अंग्रेजों की घुसपैठ स्थानीय पठानों को पसंद नहीं आई। वे इन किलों से अंग्रेजों को भगाने के लिए हमले करने लगे। अंग्रेजों ने लेफ्टिनेंट कर्नल जॉन हॉटन (John Haughton) के नेतृत्व में 36 सिख रेजीमेंट (Sikh Regiment) की पांच कंपनियों को इस इलाके में तैनात किया। सारागढ़ी की कमांड हवलदार ईशर सिंह (Ishar Singh) और 20 दूसरे जवानों (सभी सिख) के जिम्मे थी। 12 सितंबर 1897 को करीब 14 हजार पठानों ने दोबारा सारागढ़ी पर हमला किया। इन हजारों पठानों से निपटने के लिए चौकी में 21 सिख जवान मौजूद थे। हजारों की तादाद में पठानों को देखकर सैनिकों ने इसकी सूचना कर्नल हॉटन को दी। हॉटन उस समय लॉक्हार्ट के किले में था। उन्होंने कहा कि वे इतने कम समय में कोई मदद नहीं पहुंचा पाएंगे। आखिर में 21 सिख सैनिकों को अकेले ही हजारों पठानों से लोहा लेना पड़ा।

इसी कहानी पर आधारित है फिल्म ‘केसरी’
पूरा इलाका-‘बोले सो निहाल, सतश्री अकाल’ के नारे से गूंज उठा। इन 21 सैनिकों ने दो बार पठानों को पीछे खिसकने पर मजबूर कर दिया। पठान किले के भीतर घुसने में कामयाब नहीं हो पाए। आखिर में उन्होंने फैसला लिया कि किले की दीवार को तोड़कर अंदर घुसा जाएगा। सिखों के पास गोलियां खत्म हो गईं तो उन्होंने अपनी राइफलों में लगे संगीन से हमला करना शुरू कर दिया। छह घंटे तक चले युद्ध में 21 सैनिकों ने 600 से ज्यादा पठानों को मार गिराया। हालांकि किले पर पठानों ने कब्जा कर लिया, लेकिन एक दिन बाद ही अंग्रेजों ने पठानों से किले को वापस छुड़ा लिया। 2019 में आई अक्षय कुमार की फिल्म केसरी इसी युद्ध पर आधारित है।

यह भी पढ़ें –आपराधिक कानूनों पर स्थायी समिति ने विशेषज्ञों से मांगे सुझाव

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.