सावधान! मुंबई पुलिस को मास्क नहीं पहनने वालों से प्रति दिन 24 लाख रुपए वसूलने का दिया गया है टार्गेट

पुलिस मुंबई महानगरपालिका की रसीद लेकर सड़कों पर घूम रही है। वह मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से 200 रुपए दंड वसूल रही है।

118

कोरोना काल का कौन किस तरह फायदा उठाएगा, इस बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए उद्धव सरकार ने दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इसके लिए पुलिस मुंबई महानगरपालिका की रसीद लेकर सड़कों पर घूम रही है। वह मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से 200 रुपए दंड वसूल रही है और इससे मिलनेवाली आय में से मुंबई पुलिस अपना हिस्सा ले रही है। वूसले गए दंड में से 50 फीसदी रकम मुंबई पुलिस के खाते में और  50 फीसदी बीएमसी के खाते में जा रही है। मुंबई पुलिस ये रकम वेल्फेयर फंड में जमा करा रही है।

मुंबई पुलिस आयुक्त ने मुंबई के 12 पुलिस जोन को प्रति दिन कम से कम एक 1 हजार मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से दंड वसूलने का आदेश दिया है। इस तरह मुंबईकरों से प्रति दिन 24 लाख रुपए की रकम वसूलने का टार्गेट रखा गया है।

पुलिस को पूरा करना है ये टार्गेट
मुंबई पुलिस आयुक्त ने प्रत्येक पुलिस परिमंडल को 24 घंटे में कम से कम 1000 मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से दंड वसूलने का आदेश दिया है। इस टार्गेट को पूरा करने के लिए पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी दूसरे महत्वपूर्ण कामों को छोड़कर अपना ध्यान दंड वसूलने पर फोकस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस टार्गेट को पूरा करने के लिए पुलिसकर्मियों पर दबाव डाला जा रहा है। इस वजह से ज्यादा से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़क पर उतरकर मास्क नहीं पहननेवाले लोगों से दंड वसूलने में जुटे हैं।

ये खबर मराठी में भी पढ़ेंः मुंबईकरांनो सावधान! विनामास्क कारवाईतून दिवसाला २४ लाख वसूल करण्याचे पोलिसांना दिले टार्गेट!

बीएमसी ने सौंपी पुलिस को जिम्मेदारी
मुंबई में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए महानगरपालिका द्वारा जारी गाइडलाइंस का आज भी काफी लोग पालन नहीं कर रहे हैं। कई लोग आज भी बिना मास्क पहने आराम से घूमते-फिरते देखे जा सकते हैं। हालांकि बीएमसी ने भी ऐसे लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यही नहीं, इसके लिए बीएमसी ने क्लीनअप मार्शल भी नियुक्त किए हैं। लेकिन इन क्लीनअप मार्शल और लोगों के बीच कई बार विवाद होने की घटनाएं घट चुकी हैं। इन पर हफ्ता वसूली के साथ ही लोगो को परेशान करने के आरोप भी लगाए जाते हैं। इस वजह से बीएमसी ने पुलिस पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों के साथ ही थूंकने वाले लोगों पर भी कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

ये भी पढ़ेंः जानिये… सांसद पुत्र पर फायरिंग मामले में क्या है नया खुलासा?

ये है टार्गेट
मुंबई में कुल 12 पुलिस जोन हैं। प्रत्येक जोन को प्रति दिन मास्क नहीं पहनने वाले 1000 लोगों पर कार्रवाई करने का टार्गेट दिया गया है। इस तरह हर दिन 12 हजार लोगों पर कार्रवाई करने का टार्गेट पूरा करना है। इस कार्रवाई से प्रति दिन 24 लाख रुपए की रकम जमा होती है। इसमें से 12 लाख रुपए पुलिस वेल्फेयर फंड में जमा होंगे। इस तरह एक महीने में पुलिस वेल्फेयर फंड में 3 करोड़ 60 लाख रकम जमा होगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.