Lok Sabha Elections 2024: तीसरे चरण में यूपी की 10 सीटों पर 7 तारीख को वोटिंग, इन बड़े उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

तीसरे चरण की दस सीटों पर 1.89 करोड़ मतदाता हैं। तीसरे चरण में कई चर्चित प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

97

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की दस लोकसभा सीटों (Lok Sabha Seats) पर मंगलवार (7 मई) को पोलिंग (Polling) होगी। तीसरे चरण (Third Phase) की दस सीटों में संभल, हाथरस (अ0जा0),आगरा (अ0जा0), फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल हैं। तीसरे चरण की दस सीटों पर कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं।

तीसरे चरण की दस सीटों पर 1.89 करोड़ मतदाता हैं। तीसरे चरण में कई चर्चित प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मैनपुरी (Mainpuri) से डिम्पल यादव और आगरा से मोदी सरकार के मंत्री एसपी सिंह बघेल प्रत्याशी हैं। योगी सरकार के दो मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर और अनूप बाल्मीकि मैनपुरी और हाथरस से मैदान में हैं। एटा से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया और आंवला से धर्मेन्द्र कश्यप तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: पीएम मोदी की आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश में रैलियां, पश्चिम बंगाल और बिहार में गरजेंगे अमित शाह

2019 में संभल से सपा के शफीकुर्रहमान बर्क, हाथरस (अ0जा0) से भाजपा के राजवीर दिलेर, आगरा (अ0जा0) से भाजपा के प्रो0 एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी से भाजपा के राजकुमार चाहर, फिरोजाबाद से भाजपा के चंद्रसेन जादौन, मैनपुरी से सपा के मुलायम सिंह यादव, एटा से भाजपा के राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, बदायूं से भाजपा की डॉ. संघप्रिया गौतम, आंवला से भाजपा धर्मेन्द्र कश्यप और बरेली से भाजपा के संतोष कुमार गंगवार चुनाव जीते थे। इस बार भाजपा ने संतोष गंगवार, संघप्रिया गौतम, चंद्रसेन जादौन और राजवीर दिलेर का टिकट काट दिया है।

बीती 26 अप्रैल को प्रदेश में दूसरे चरण में वोटिंग प्रतिशत 55.39 रहा। पिछले चुनाव में इन सीटों पर 62.18 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस हिसाब से साल 2024 के चुनाव में दूसरे चरण में पिछले चुनाव के मुकाबले 6.79 प्रतिशत कम वोटिंग रिकार्ड हुई। एनडीए, इंडिया ब्लॉक और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने से त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।

लोकसभा चुनाव से जुड़ी अहम जानकारियां

  • इस चरण में जिन सीटों पर चुनाव होगा, उनमें 2019 में संभल और मैनपुरी को छोड़कर बाकी सभी सीटें भाजपा ने जीती थी।
  • संभल सीट पर भाजपा के परेमश्वर लाल सैनी, कांग्रेस-सपा गठबंधन से ज़ियाऊर्रहमान बर्क और बसपा के चौधरी सौलत अली प्रत्याशी हैं।
  • हाथरस (अ0जा0) में भाजपा ने योगी सरकार के मंत्री अनूप प्रधान बाल्मीकि को टिकट दिया है। वहीं, बसपा ने हेमबाबू धनगर और सपा ने जसवीर वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया है।
  • आगरा (अ0जा0) में भाजपा से केंद्रीय मंत्री प्रो0 एसपी सिंह बघेल दूसरी बार मैदान में हैं। सपा से सुरेश चन्द कर्दम और बसपा से पूजा अमरोही प्रत्याशी हैं।
  • फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर भाजपा के टिकट पर दूसरी बार मैदान में हैं। वहीं, बसपा से पं0 रामनिवास शर्मा और इंडियन नेशनल कांग्रेस से रामनाथ सिंह सिकरवार मैदान में हैं।
  • फिरोजाबाद से भाजपा ने विश्वदीप सिंह, सपा-कांग्रेस गठबंधन से अक्षय यादव और बसपा के चौधरी बशीर के बीच लड़ाई है।
  • मैनपुरी सीट पर सपा ने मौजूदा सांसद डिम्पल यादव को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा ने योगी सरकार के राज्य मंत्री जयवीर सिंह और बसपा ने शिव प्रसाद यादव को प्रत्याशी बनाया है।
  • एटा लोकसभा सीट से भाजपा ने तीसरी बार राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया को टिकट दिया है। सपा ने देवेश शाक्य और बसपा ने मोहम्मद इरफान एडवोकेट को उम्मीदवार बनाया है।
  • बदायूं में भाजपा से दुर्विजय सिंह शाक्य, सपा से आदित्य यादव और बसपा से मुस्लिम खां प्रत्याशी हैं।
  • आंवला से भाजपा ने तीसरी बार धर्मेन्द्र कश्यप को टिकट दिया है। सपा ने नीरज मौर्य और बसपा ने आबिद अली को उम्मीदवार बनाया है।
  • बरेली सीट से भाजपा ने इस बार नया उम्मीदवार मैदान में उतारा है। भाजपा की टिकट पर छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा से प्रवीण सिंह ऐरन मैदान में हैं। बसपा उम्मीदवार छोटे लाल गंगवार का नामांकन रद्द होने के वजह से वह चुनाव से बाहर हो चुके है।

देखें यह वीडियो-

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.