भारत में विलय चाहते हैं पीओके के लोगः योगी

2014 के पहले तक यही भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और माओवाद से ग्रसित था। आज कोई भी दुश्मन भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

112

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तरफ जहां भारत से अलग हुआ पाकिस्तान अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है। उसके नागरिक भूख से मर रहे हैं और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लोग मांग कर रहे हैं पीओके का विलय भारत में हो जाए। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक नई यात्रा की ओर आगे बढ़ चुका है।

भारत को आशा भरी नजरों से देख रहा विश्व

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज दुनिया में जब भी कोई संकट आता है तो पूरा विश्व आशा भरी निगाहों से भारत की तरफ देखता है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले तक यही भारत आतंकवाद, नक्सलवाद और माओवाद से ग्रसित था। आज कोई भी दुश्मन भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है। देश के 15-18 जिलों में फैला माओवाद और नक्सलवाद अब 3-4 जनपदों तक सीमित रह गया है। भारत की धरती से बहुत ही जल्द माओवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए बेमिसाल हैं।

1,212 करोड़ रुपये की 2,339 परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण-शिलान्यास

योगी ने 20जून को केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ अंबेडकरनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 1,212 करोड़ रुपये की 2,339 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए आवश्यक होगा कि हम गांव की इकाइयों को भी छुएं।

राष्ट्र प्रथम के लिए कार्य करें

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब समय आ गया है कि नए भारत के निर्माण के लिए, जाति, मत और मजहब से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम के लिए कार्य करें। पहले हम देश के बारे में सोंचे। हमारा देश सुरक्षित रहेगा तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टीकरण और भाई-भतीजावाद की राजनीति करते हैं, वह देश का हित नहीं कर सकते हैं। देश का हित करने के लिए जज्बा चाहिए। त्याग चाहिए। बलिदान की भावना चाहिए। राष्ट्र के प्रति संपूर्ण समर्पण का भाव होना चाहिए। विरासत के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। जनवरी 2024 में प्रभु श्री राम अपने मंदिर में विराजमान हो जाएंगे। यह हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण होगा। अयोध्या के विकास का सबसे ज्यादा लाभ अंबेडकरनगर को मिलेगा।

ट्रैक्टर रैली को दिखाई हरी झंडी

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री योगी ने छह माह से ऊपर के बच्चों को अन्नप्राशन कराया। साथ ही एमएसएमई और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके अलावा दोनों नेताओं ने सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु चार लाख रुपये का अनुदान और ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाई।

यह भी पढ़ें –अयोध्या में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा तिथि घोषित, दर्शनार्थियों की प्रतीक्षा होगी पूरी

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.