“उनकी रगड़ाई नहीं हुई इसलिए…!” मुख्यमंत्री गहलोत ने बोला कपिल सिब्बल पर हमला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने विचार-मंथन सत्र आयोजित करने के पार्टी के फैसले की आलोचना करते हुए गांधी परिवार को पार्टी के नेतृत्व से अलग होने की सलाह दी है। इसके लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने उन पर हमला बोला है।

84

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 15 मार्च को असंतुष्ट कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल पर निशाना साधते हुए कहा कि सिब्बल को कांग्रेस ने इतना कुछ दिया है, उस व्यक्ति के मुंह से ऐसे शब्द निकलना दुर्भाग्यपूर्ण है। कपिल सिब्बल कांग्रेस की एबीसीडी नहीं जानते, कांग्रेस की मूल भावना को नहीं समझते हैं। आजादी से पहले और बाद में कांग्रेस ने देश के लिए बलिदान दिए हैं, कपिल सिब्बल यह भूल जाते हैं।

मुख्यमंत्री आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान गहलोत ने सिब्बल के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने गांधी परिवार को पार्टी लीडरशिप से हटने को कहा था। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कपिल सिब्बल कांग्रेस संस्कृति के व्यक्ति नहीं है। वे बड़े वकील हैं, उनकी कांग्रेस में एंट्री हो गई लेकिन कांग्रेस कल्चर में कार्यकर्ता की तरह उनकी रगड़ाई नहीं हुई है। कांग्रेस कल्चर में काम करते, फिर धीरे-धीरे चांस मिलता, लेकिन सोनिया गांधी के आशीर्वाद और राहुल गांधी के सहयोग से उन्हें सीधे केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली।

पार्टी को एकजुट रहने की जरुरत
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस फिलहाल मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में जब पार्टी को साथ की जरूरत है, उस वक्त कपिल सिब्बल को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो संस्कार-संस्कृति है उसमे वह मेल नहीं खाते है। गहलोत यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि सिब्बल को कांग्रेस की एबीसीडी ही नहीं पता है। सिब्बल कांग्रेस का इतिहास भूल जाते हैं क्या? गांधी परिवार का कोई भी सदस्य पिछले तीस साल में मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री नहीं बना। पूरा देश जानता है कि कांग्रेस को यदि एकजुट रखना है तो गांधी परिवार के नेतृत्व में ही एकजुट रखा जा सकता है। देश गांधी परिवार के साथ है और गांधी परिवार को चाहता है।

ये भी पढ़ें – कब होगा महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव? राज्यपाल ने लौटाया प्रस्ताव, बताए ये कारण

फ्रस्ट्रेशन में बात करने का आरोप
गहलोत ने कहा कि कपिल सिब्बल फ्रस्ट्रेशन में क्यों बात करते हैं? यह समझ से परे है। उनसे मैं इस तरह की उम्मीद नहीं करता था। गहलोत ने कहा कि सिब्बल बोल रहे हैं कि पंजाब में इस बार कांग्रेस एकजुट नहीं रही इसलिए सत्ता में नहीं आई, इस तरह के बयान इस मौके पर नहीं देना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ता इसे कभी पसंद नहीं करेंगे। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस संगठन घर-घर बसा हुआ है। कांग्रेस संगठन कभी समाप्त नहीं होगा, इसे समाप्त करने की बात करने वाले खुद खत्म हो जाएंगे। देश का डीएनए और कांग्रेस का डीएनए एक है। हम शांति सद्भाव की बात करते हैं। अभी भाजपा नेता हिंदुत्व के नाम पर वोट लेकर राज कर रहे हैं, यह आसान है। हम विकास और शांति की बात करते हैं, हम नीतियों की बात करते हैं, हमारा वाला काम मुश्किल है। देश को एक अखंड रखना कांग्रेस की देन है।

सिब्बल ने कही थी ये बात
गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने विचार-मंथन सत्र आयोजित करने के पार्टी के फैसले की आलोचना करते हुए गांधी परिवार को पार्टी के नेतृत्व से अलग होने की सलाह दी थी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.