DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2026 के लिए आज, शुक्रवार 18 सितंबर को मतदान शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय के अलग-अलग कॉलेजों में छात्र अपने प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए वोट डाल रहे हैं। DUSU के चार प्रमुख पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए मतदान कराया जा रहा है।
मतदान दो शिफ्ट में हो रहा है। दिन की कक्षाओं के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक वोट डाल सकेंगे, जबकि शाम की कक्षाओं के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती शनिवार, 19 सितंबर को की जाएगी।
मतदान को देखते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस से लेकर साउथ कैंपस तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मतदान केंद्रों के आसपास निगरानी रखी जा रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ दिल्ली पुलिस की टीमें चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने में जुटी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है।
इसे भी पढ़ें: Lord Ram Controversy: भगवान राम पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में युवक पर मामला हुआ दर्ज, पुलिस ने जांच की शुरू
चुनाव से पहले कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठकें हुई थीं। कॉलेज प्रशासन को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। मतदान के बाद ईवीएम को सील कर निर्धारित स्थान पर सुरक्षित रखा जाएगा।
इस बार चुनाव प्रचार के दौरान छात्र सुरक्षा, हॉस्टल और रहने की व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। छात्र संगठनों और उम्मीदवारों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर विद्यार्थियों के बीच प्रचार किया। प्रचार समाप्त होने के बाद अब मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसे भी पढ़ें: Bhiwadi Factory Fire: राजस्थान के भिवाड़ी में अचानक भड़की आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप
चुनाव प्रचार के दौरान नियमों के उल्लंघन और हिंसा की कुछ घटनाओं को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी चिंता जताई थी और दिल्ली विश्वविद्यालय तथा पुलिस से कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट मांगी थी। कोर्ट ने चुनाव नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया।
अब छात्रों के वोट ईवीएम में दर्ज होंगे और 19 सितंबर को होने वाली मतगणना के बाद DUSU चुनाव के परिणाम सामने आएंगे।
Join Our WhatsApp Community
