डबल इंजन सरकार मध्य प्रदेश को बनाएगी देश का नंबर वन राज्य: अमित शाह

इंदौर के कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह 70 साल तक गोद में पाल रखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अनुच्छेद 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है।

204

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मध्यप्रदेश में मालवा से भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया। उन्होंने इंदौर में भाजपा के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करके कार्यकर्ताओं को 2023 और 2024 के चुनावी जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

इंदौर के कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह 70 साल तक गोद में पाल रखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अनुच्छेद 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। कांग्रेस के समय पाकिस्तान से आलिया-जमालिया आते थे और गोलियां चलाकर चले जाते थे, लेकिन पाकिस्तान को घर में घुसकर हमारी सेना ने उनके आतंकियों का सफाया किया।

‘करप्शन नाथ’ और ‘श्रीमान बंटाधार’
गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को ‘करप्शन नाथ’ और दिग्विजय सिंह को ‘श्रीमान बंटाधार’ कहकर संबोधित किया। शाह ने कहा कि मिस्टर बंटाधार और करप्शन नाथ कोई नया उद्योग तो नहीं ला पाए। सिर्फ ट्रांसफर इंडस्ट्री शुरू कर पाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश मे सबसे अच्छा संगठन मध्यप्रदेश में है। यहां हर गांव, हर बूथ में कमल देखने को मिलता है। आज 2023 के चुनाव की शुरुआत हो गई है। अब हर संभाग में ऐसे सम्मेलन होंगे। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाएगी।

मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा किया बुलंद
केंद्रीय गृह मंत्री ने कार्यक्रम में देवी अहिल्याबाई को प्रणाम कर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई ने गुलामी के अवशेष को मिटाने की पहल की थी। जिसे हमारे नेता नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। वे कहीं भी जाएं लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। ये नारे मोदी के लिए नहीं, भाजपा के लिए नहीं, बल्कि भारत की एक सौ तीस करोड़ जनता के सम्मान में नारे लग रहे हैं।

कांग्रेस ने राम मंदिर का काम लटका रखा था
उन्होंने विपक्षी एकता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग अनुच्छेद 370 खत्म खरने का विरोध करते थे। ये नाम बदलें तो भी कोई इन्हें वोट देगा क्या? अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। कांग्रेस मंदिर के काम को लटका रही थी। कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन कर दिया। अहिल्या बाई के बाद धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।

कमलनाथ ने जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दी थी
शाह ने कहा कि कमलनाथ की सरकार डेढ़ साल चली। हमारे शिवराज सिंह ने जो योजनाएं शुरू की थी, उन्हें कमलनाथ ने बंद कर दी थी। योजनाओं का पैसा खाने के लिए उन्हें बद कर दिया। वे एक इंडस्ट्री भी नहीं लाए, लेकिन ट्रांसफर इंडस्ट्री जरूर लागू कर दी। उन्होंने डेढ़ साल के अंदर बंटाधार का शासन याद दिलाने का काम किया। कमलनाथ ने किसान सम्मान निधि योजना में किसानों के नाम नहीं भेजे। शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री बनते ही किसानों के नाम भेज दिए गए। आज किसानों को सम्मान निधि का पैसा मिल रहा है।

कार्यकर्ताओं को दिलाया चुनावी जीत का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि भाजपा को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जिता सकता है। आज यहां से संकल्प लेकर जाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनानी है। और 2024 में लोकसभा की एमपी की सभी 29 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

यह भी पढ़ें – सदन संवाद और चर्चा का पवित्र स्थान, दलगत से ऊपर सोचें जनप्रतिनिधि – ओम बिरला

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.