योगी ने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा, विदेशों में भारत की बढ़ती शान को लेकर कही ये बात

मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईवे रेलवे, एयरपोर्ट आदि सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।

113

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल में भारत की धमक पूरे विश्व में जमी है। यह देशहित में प्रधानमंत्री मोदी के विजनरी नेतृत्व और परिश्रम का परिणाम है। हालत यह है कि अब संकट के समय दुनिया, भारत और पीएम मोदी की ओर आशा भरी निगाहों से देखती है।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को मोदी सरकार के 09 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क महाभियान के तहत गोरखपुर शहर विधानसभा की वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

‘टिफिन पर चर्चा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अपनी बात व उपलब्धियों को स्वयं बताते हैं तो इसका उतना महत्व नहीं होता। पर, जब दुनिया हमारी उपलब्धियों को मानती है और सम्मान देती है तो यह वास्तविक सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनेक सकारात्मक बदलाव आये हैं। यह भी देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है।

चमत्कारिक नेतृत्व ने बढ़ाई वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2014 के पहले भारत के नागरिकों, प्रवासियों, भारतवंशियों को वह सम्मान नहीं मिलता था, जिसके वह हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 09 वर्ष के कार्यकाल में इनका पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के तीन देशों की यात्रा के अभूतपूर्व क्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और प्रधानमंत्री के प्रति बढ़े आकर्षण से हर भारतीय को गर्व है। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने प्रोटोकॉल तोड़कर सूर्यास्त के बाद पीएम मोदी की न केवल अगवानी की बल्कि पैर छूकर उनका अभिवादन भी किया। फिजी व पापुआ न्यू गिनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी इज़ बॉस कहकर देश का सम्मान बढ़ाया तो अमेरिका के राष्ट्रपति उनका ऑटोग्राफ लेने को लालायित दिखे। यह सब देश के नेतृत्व के सामर्थ्य का परिचायक है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि संकट की हर परिस्थिति में 140 करोड़ देशवासियों के साथ खड़े होकर, सबके दिलों में राज करने का चमत्कारिक नेतृत्व देकर प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।

उग्रवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद पर लगाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा के मामले में भी भारत बेहद मजबूत हुआ है। आज भारत की सीमाओं पर कोई टेढ़ी नजरों से नहीं देख सकता। सीमाओं पर कब्जा करने या आतंकी गतिविधियों का दुस्साहस नहीं कर सकता। यदि कहीं कोई घटना हो गई तो दुनिया के देश सफाई देने लगते हैं। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वाभिमान व सम्मान की रक्षा करना सीखा है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले कश्मीर में उग्रवाद, पूर्वोत्तर के राज्यों में अलगाववाद व देश के 12 से 15 राज्यों में नक्सलवाद की समस्या चरम पर थी। आज कश्मीर में धारा 370 समाप्त होने से शांति, सौहार्द व विकास का माहौल है। वहां हुए पंचायत चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और भारतीय जनता पार्टी को भी बड़ा समर्थन मिला। पहले यह सिर्फ कल्पना थी अब वास्तविकता है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्थापित हो रहे विकास के प्रतिमान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईवे रेलवे, एयरपोर्ट आदि सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। पीएम मोदी की परिकल्पना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी हवाई यात्रा कर सके। यह परिकल्पना पूरी होती नजर आ रही है। 1947 से 2014 तक देश में कुल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि 2014 से 2022 के बीच 74 नए एयरपोर्ट बनाए गए हैं। 1947 से 2014 तक देश में सिर्फ 05 एम्स थे, जबकि 2014 से 2022 तक 15 नए बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना को भी साकार किया जा रहा है। देश में प्रतिदिन 35 किलोमीटर हाईवे का विस्तार हो रहा है। रेलवे की नई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। वाटरवेज (जलमार्ग) बनाए जा रहे हैं।

सम्मानजनक जीवन का आधार बनीं कल्याणकारी योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान किया है। उनका कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण को समर्पित है। कोरोना काल से ही देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। गरीब महिला को उज्जवला योजना से निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना से 3.5 करोड़ गरीबों को पक्के मकान बना कर दिए गए हैं। 48 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोले गए। योजनाओं की धनराशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। इलाज की सुविधा के लिए 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना से पांच लाख स्वास्थ्य बीमा से कवर किया गया है। समाज के हर वर्ग किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, निराश्रित, श्रमिक आदि सभी के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं।

महाराष्ट्र में बढ़ रही है लव जिहाद विरोधी कानून बनाने की मांग! जानिये, सरकार का क्या है स्टैंड

गोरखपुर को मिली सौगातों से किया कार्यकर्ताओं को प्रेरित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक माह तक चलने वाले 14 प्रकार के कार्यक्रमों से सभी कार्यकर्ताओं को जुड़ने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने गोरखपुर को मिली विशेष सौगातों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में खाद कारखाना, एम्स और इंसेफेलाइटिस उन्मूलन सपना था। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से यहां 110 फीसद क्षमता से खाद कारखाना चल रहा है, एम्स भी खुल चुका है, इंसेफेलाइटिस भी नियंत्रण में है।

सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान
योगी ने कहा कि भाजपा भारतीय मूल्यों, आदर्शों के प्रति समर्पित आमजन व कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आमजन के हित में किए गए कार्यों का श्रेय भी पार्टी को मिलना चाहिए, इसके लिए ही माहभर के विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने साथ लाए टिफिन से सबके साथ भोजन किया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.