बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections 2025) के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने अपने उम्मीदवारों (Candidates) के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार (11 अक्टूबर) दिल्ली (Delhi) में पार्टी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde) के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप के तमाम बड़े नेता शामिल हैं, जहां प्रत्याशियों के नामों की सूची को अंतिम रूप देने पर मंथन चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस अहम बैठक में बिहार के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और संगठन के प्रमुख नेता मौजूद हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा जिताऊ और योग्य उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर अंतिम मुहर लगाना है, जिसके बाद सूची को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें – UP News: अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड, मेटा ने ‘हिंसक-अश्लील पोस्ट’ पर की कार्रवाई
दिल्ली में दावेदारों का जमावड़ा
बीजेपी इस बार उम्मीदवार चयन में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी का मुख्य जोर ‘जिताऊ’ चेहरों पर है और इसके लिए सोशल इंजीनियरिंग के समीकरणों को भी बारीकी से परखा जा रहा है। इस बीच, टिकट पाने की आस में बिहार के कई दावेदार नेता भी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और अपने-अपने वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साधकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
NDA में सीट बंटवारे पर भी बनी सहमति!
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के अंतिम दौर के बीच हो रही है। इससे पहले बीजेपी नेताओं ने सहयोगी दलों, खासकर चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) और जीतन राम मांझी की ‘हम’ के साथ कई दौर की बातचीत की है। माना जा रहा है कि एनडीए में सीटों का फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी संकेत दिए हैं कि एक-दो दिन में एनडीए के सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया जाएगा।
संभावना है कि एनडीए की पहली संयुक्त उम्मीदवार सूची 13 अक्टूबर तक जारी हो सकती है। इस बैठक के बाद बिहार की राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की उम्मीद है, क्योंकि सभी की निगाहें बीजेपी की पहली सूची पर टिकी हैं।
देखें यह वीडियो –
Join Our WhatsApp Community
