प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने शनिवार (8 नवंबर, 2025) को बिहार (Bihar) के सीतामढ़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन और विशेष कर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तंज कसा। उन्होंने राजद पर अपराध और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवारों के लिए समर्थन भी मांगा। (Bihar Elections 2025)
हम लैपटॉप दे रहे, राजद दे रहा कट्टा-दुनाली
प्रधानमंत्री मोदी ने सीतामढ़ी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। राजद-कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार का भविष्य तय करेगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि जंगलराज वालों के प्रचार के गाने सुने हैं आपने? छोटे बच्चे मंच से कह रहे हैं, हमें रंगदार बनना है। क्या बिहार के बच्चों को रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर- इंजीनियर बनना चाहिए ? बिहार में स्टार्टअप के सपने देखने वाले चाहिए, हैंड्सअप कहने वाले नहीं चाहिए। राजद वालों के प्रचार गाने सुनकर आप कांप जाएंगे। हम बच्चों के हाथों में लैप टॉप दे रहे हैं। राजद वाले कट्टा-दुनाली दे रहे हैं। (Bihar Elections 2025)
माँ सीता की भूमि पर आया हूं
पीएम मोदी ने कहा कि जहां राजद और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां भ्रष्टाचार हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता, ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री ने कहा, ” माँ सीता की भूमि पर आया हूं, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे 6 साल पहले का वाकया याद आता है। 8 नवंबर 2019 को मैं यहां आया था। अगले दिन करतारपुर कॉरिडोर के लिए पंजाब के लिए निकलना था। उसी दिन राम मंदिर पर फैसला भी आना था। मैं मन ही मन में सीता माता से प्रार्थना कर रहा था कि फैसला राम मंदिर के पक्ष में आए। सीता मइया की धरती से मांगी प्रार्थना कभी खाली नहीं जाती। ऐसा ही हुआ उच्चत्म न्यायालय ने राम लला के पक्ष में ही फैसला दिया।” (Bihar Elections 2025)
महिलाओं के खातों में डाले 10-10 हजार रुपये
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजकल ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की बहुत चर्चा है। उनके खातों में हमने 10-10 हजार डाले। कल्पना कीजिए अगर महिलाओं के खाते ही नहीं खुलते, तो क्या उन्हें ये पैसे मिल पाते? मोदी ने खाते खुलवाए, नीतीश जी ने पैसे डाले। अगर जंगलराज होता, तो आपके हक का भी पैसा लूट लिया जाता। कांग्रेस के प्रधानमंत्री नामदार के पिता जी कहते थे कि दिल्ली से एक रुपये निकलता है, तो गांव में जाते-जाते 15 पैसे हो जाते हैं। ये कौन सा पंजा था, जो एक रुपये के घिस-घिसकर 15 पैसे कर देता था। आज अगर पटना से 1 रुपये निकलता है, तो पूरे 100 पैसे आपके खातों में पहुंचते हैं। (Bihar Elections 2025)
कांग्रेस और राजद कर रहे छठी मइया का अपमान
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार आज मछली दूसरे राज्यों को भेज रहा है। बड़े-बड़े लोग भी बिहार की मछलियां देखने आ रहे हैं। तालाब में डुबकियां लगा रहे हैं। बिहार के चुनाव में डूबने कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिन्दुस्तान और मेरी माताएं, जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं? क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? छठी मैया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति नहीं भूलेगा। (Bihar Elections 2025)
ये भी पढ़े – West Bengal: वोटर लिस्ट पुनरीक्षण ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 3 करोड़ से अधिक ‘गणना फॉर्म’ बांटे गए
जानकारी के लिए बता दे कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर, 2025 को मतदान होंगे। इस चरण में 20 जिलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में वोट पड़ेगा। दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार चुनावी मैदान है। 9 नवंबर की शाम 6 बजे तक ही चुनाव प्रचार होगा। (Bihar Elections 2025)
ये भी देखें
Join Our WhatsApp Community
