चेन्नईः प्रधानमंत्री 28 जुलाई को करेंगे 44वें शतरंज ओलंपियाड का उद्घाटन! जानिये, कैसी है तैयारी

चेन्नई के महाबलीपुरम में गुरुवार (28 जुलाई, 2022) को 44वें शतरंज ओलंपियाड के साथ इसकी इबारत इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में चमक उठेगी।

78

वैश्विक पटल पर 28 जुलाई तमाम घटनाओं के लिए इतिहास में दर्ज है। प्रथम विश्वयुद्ध से लेकर तमाम बड़ी घटनाएं अगल-अलग वर्षों में इसी तारीख में दर्ज हैं। मगर इस साल की 28 जुलाई भारत के तमिलनाडु में शह-मात के खेल शतरंज के सबसे बड़े आयोजन के रूप में इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनने जा रही है। चेन्नई के महाबलीपुरम में 28 जुलाई, 2022 को 44वें शतरंज ओलंपियाड के साथ इसकी इबारत इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में चमक उठेगी।

देश में पहली बार चेस ओलंपियाड का आयोजन
शतरंज के 64 खानों को अपने घर की तरह नवाजने वाले तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई की हर गली-नुक्कड़ पर शतरंज के ओलंपियाड की धूम है। देश में पहली बार चेस ओलंपियाड का आयोजन हो रहा है। इसकी मेजबानी का सौभाग्य तमिलनाडु को मिला है। 187 देशों के करीब दो हजार से अधिक खिलाड़ी 28 जुलाई, 2022 से 10 अगस्त तक यहां अपना दमखम दिखाएंगे। विश्व विख्यात संगीतकार एआर रहमान की धुन और आयोजन का वीडियो वायरल हो चुका है।

प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
28 जुलाई को यहां के महाबलीपुरम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओलंपियाड का उद्घाटन करेंगे। चेन्नई के प्रमुख स्थानों पर ‘घोड़े के मोहरे’ का मॉडल स्थापित किया गया है। शतरंज के श्वेत-श्याम चौसठ खानों के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं। नेपियर ब्रिज को भी शतरंज के रंग से पोत दिया गया है।

ये भी पढ़ें – ‘शिवसेना प्रमुख’ के जिक्र से बचते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने उद्धव ठाकरे को ऐसे दी जन्मदिन की शुभकामना

ऐसा है शतरंज ओलंपियाड का इतिहास
शतरंज ओलंपियाड के इतिहास की बात करें तो पहला अनाधिकारिक ओलंपियाड पेरिस में 1924 में हुआ था। फिर 20 जुलाई 1924 को अंतरराष्ट्रीय चेस फेडरेशन (फीडे) के गठन के बाद पहला शतरंज ओलंपियाड 1927 में लंदन में आयोजित हुआ। हर दो साल में एक बार इसका आयोजन होता है। 2022 का ओलंपियाड रूस में होना था, लेकिन रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण आयोजन नहीं हो सका। फिर विभिन्न देशों के राज्यों से मेजबानी को लेकर संपर्क किया गया। अंत में इसकी मेजबानी तमिलनाडु को मिली।

-भारतीय चेस संघ ने भी चेन्नई के पास महाबलीपुरम में इसके आयोजन के फैसले की सराहना की है। 1927 से अब तक के ओलंपियाड में भारत केवल एक बार स्वर्ण जीतने में सफल रहा है। वह भी वर्चुअल आयोजन था। भारत ने रूस के साथ 2020 में स्वर्ण पदक साझा किया था। इसके अलावा भारत के खाते दो कांस्य पदक है। विश्व के सबसे छोटी उम्र के तीन में से दो ग्रैंड मास्टर्स के साथ भारत की नजरें इस बार सोने के पदकों पर हैं।

-चेन्नई को भारत में चेस का मक्का कहा जाता है। इसकी वजह करीब एक तिहाई ग्रैंडमास्टर्स की जमीन चेन्नई होना है। 1961 में देश का पहला अंतरराष्ट्रीय मास्टर खिताब तमिलनाडु में पले-बढ़े मैनुअल आरोन ने जीता। उसके बाद चेन्नई के विश्वनाथन आनंद 1988 में भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बने। 2001 में पहली महिला

-ग्रैंडमास्टर बनीं सुब्बरामन विजयलक्ष्मी। उनके बाद 2018 में प्रज्ञानानंद सभी को चौंकाते हुए 12 साल की उम्र में दुनिया के दूसरा सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने। हालांकि उनका यह रिकॉर्ड चेन्नई के ही सुकेश डी. ने 2019 में तोड़कर अपने नाम कर लिया।

-पल्लव शासकों की राजधानी रही महाबलीपुरम बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित है। वर्ष 2019 में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच की अनौपचारिक वार्ता के बाद महाबलीपुरम ने विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाई है। स्थापत्य और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध महाबलीपुरम शतरंज ओलंपियाड के आगाज के लिए सज-धजकर तैयार है।

-और यह भी इतिहास में दर्ज है कि 28 जुलाई 1914 को ही पहले विश्वयुद्ध की शुरुआत हुई थी। सर्बिया में ऑस्ट्रिया के राजकुमार फ्रांसिस फर्डिनेंड की हत्या के बाद गुस्साए ऑस्ट्रिया ने हंगरी के साथ मिलकर सर्बिया पर हमला कर दिया था। यहीं से शुरू हुए युद्ध ने धीरे-धीरे करीब आधी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया था।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1586ः सर थामस हेरिओट ने यूरोप को आलू के बारे में बताया।
1741ः कैप्टन बेरिग ने माउंट सैंट एलियास अलास्का की खोज की।
1742ः प्रशिया और आस्ट्रिया ने शांति संधि पर हस्ताक्षर किए।
1821ः पेरू ने स्पेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।
1866ः अमेरिका में मापने की मीट्रिक प्रणाली को वैधानिक मान्यता।
1914ः प्रथम विश्व युद्ध की शुरुआत।
1914ः एसएस कामागाता मारू को वेंकुवर से निकालकर भारत रवाना किया गया।
1976ः चीन में भूकंप से लाखों लोगों की मौत।
1979ः चरण सिह भारत के पांचवें प्रधानमंत्री बने।
1995ः वियतनाम आसियान का सदस्य बना।
2001ः पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री मोहम्मद सिद्दीकी खान कांजू की हत्या।
2005ः सौरमंडल के दसवें ग्रह की खोज का दावा।
2005ः आयरिश रिपब्लिकन आर्मी ने अपने सशस्त्र संघर्ष को रोकने का ऐलान किया।
2012ः दक्षिण अफ्रीका के कैमरून वैन डेर बुर्ग ने पुरुषों के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में विश्व रिकॉर्ड बनाया।
2017ः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर पनामा केस में भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में उन्हें प्रधानमंत्री पद के अयोग्य घोषित किया। इस फैसले के मुताबिक वह कभी चुनाव नहीं लड़ सकते और न ही किसी सार्वजनिक पद पर बैठ पाएंगे।

जन्म
1165: अरबी के प्रसिद्ध सूफी कवि, साधक और विचारक इबने अरबी।
1858ः उंगलियों के निशान को पहचान का बेहतर जरिया बताने वाले सर विलियम जेम्स हर्शेल।
1909ः कांग्रेस नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कासू ब्रह्मानंद रेड्डी।
1925: हेपेटाइटिस का टीका खोजने वाले बारुक ब्लमर्ग।
1927ः कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर।

निधन
1972ः भाकपा नेता चारू मजूमदार। उन्होंने 1967 में सत्ता के विरुद्ध नक्सलवादी आंदोलन की शुरुआत की थी।
2016ः सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका महाश्वेता देवी।
2017ः हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध सहायक अभिनेता इंद्र कुमार।

दिवस
विश्व प्रकृति सरंक्षण दिवस
विश्व हेपेटाइटिस दिवस

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.