Bangladesh में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। अपदस्थ प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना के स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद देश के कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक कई स्थानों पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं। इस दौरान अवामी लीग के पूर्व सांसद अहमद हुसैन के घर को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि राजधानी ढाका में उपद्रवियों ने एक सरकारी बस में आग लगा दी। पुलिस को हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंसा की एक बड़ी घटना नेत्रकोणा जिले के पुरबाधला उपजिला में हुई। यहां अवामी लीग के केंद्रीय आयोजन सचिव और पूर्व सांसद अहमद हुसैन के पैतृक घर में शनिवार रात आग लगा दी गई। इससे पहले जुबो दल के नेता राणा पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें वह घायल हो गए। बताया गया है कि घटना के बाद भीड़ ने पहले जुबो लीग के नेता रफीक के घर को निशाना बनाया और फिर अहमद हुसैन के घर में आग लगा दी।
इसे भी पढ़ें: ब्राजील जाएंगी बहराइच की बेटी, Navya Singh का अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
पुरबाधला थाना प्रभारी अब्दुल्ला अल मामून के अनुसार, अवामी लीग, जुबो लीग और छात्र लीग के कुछ कार्यकर्ताओं ने रात करीब आठ बजे जुलूस निकालने की कोशिश की थी। इसी दौरान उनकी जुबो दल के नेता से भिड़ंत हो गई। अहमद हुसैन के भतीजे ने आगजनी के लिए बीएनपी और उसके सहयोगी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, स्थानीय बीएनपी नेतृत्व ने घटना में अपनी संलिप्तता से अनभिज्ञता जताई है।
उधर, कोमिला जिले के चौदाग्राम उपजिला में ढाका-चट्टोग्राम राजमार्ग पर भी भारी बवाल हुआ। यहां अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की पुलिस, बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर पेड़ों की टहनियां डालकर रास्ता बाधित किया और टायरों में आग लगा दी। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। रात करीब 11:45 बजे तक तनाव बना रहा। बाद में यातायात बहाल कराया गया।
इसे भी पढ़ें: Gym Trainer: लेडीज टॉयलेट में गाली-गलौज और ब्लैकमेलिंग, मोहम्मद मौजम अली को 20 साल की सजा
इस बीच, राजधानी ढाका के दैनिक बांग्ला चौराहे पर भी आगजनी की घटना हुई। शनिवार रात करीब 11:30 बजे से 12:30 बजे के बीच उपद्रवियों ने ‘नंबर 8 परिवहन’ की एक बस में आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Join Our WhatsApp Community
