श्रद्धालुओं से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, आठ घायल

लातेहार जिले के कुमंडीह गांव से एक वाहन पर सवार होकर श्रद्धालु गुमला जिले में स्थित टांगीनाथ मंदिर पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बसकरचा गांव के निकट वाहन असंतुलित होकर एक पेड़ से जा टकरायी।

119

झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बसकरचा गांव के निकट 1 अगस्त को श्रद्धालुओं से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई है, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में चार की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज महुआडांड़ अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार लातेहार जिले के कुमंडीह गांव से एक वाहन पर सवार होकर श्रद्धालु गुमला जिले में स्थित टांगीनाथ मंदिर पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बसकरचा गांव के निकट वाहन असंतुलित होकर एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पर सवार दो श्रद्धालुओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतकों में कुमंडीह गांव निवासी दशरथ सिंह (30) और उनकी पत्नी शामिल हैं। वहीं इस घटना में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में पुष्पा देवी, योगेंद्र सिंह के अलावे दो अन्य श्रद्धालुओं की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

ये भी पढ़ें – उमर खालिद को जमानत या जेल? दिल्ली उच्च न्यायालय में होगी सुनवाई

इधर मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल दुर्घटनाग्रस्त वाहन से निकाला गया। उसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों का कहना है कि सभी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.