राष्ट्रीय राजधानी में बारिश से कब मिलेगी राहत? मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान

149

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली एनसीआर) में 10 जुलाई को भी बरसात होने का पूर्वानुमान और येलो अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी में 9 जुलाई की रात से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। यमुना नदी उफान पर है। बरसात ने जुलाई का कोटा पूरा कर दिया है। इसी के साथ इस मानसून सीजन की बरसात का आंकड़ा सामान्य से अधिक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह साढ़े आठ बजे से 9 जुलाईन की शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 258.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यह पूरे जुलाई माह की सामान्य वर्षा 195.8 मिलीमीटर की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। दिल्ली में शनिवार सुबह 8ः30 बजे से रविवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में 153 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। 25-26 जुलाई 1982 के बाद से यह एक दिन में हुई सबसे अधिक वर्षा है। अधिकारियों ने कहा है कि 1958 के बाद यानी 66 वर्षों में जुलाई में एक दिन में होने वाली तीसरी सबसे अधिक वर्षा है। रविवार सुबह 8ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक कुल 105.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। एक जून से अभी तक दिल्ली में 120 मिलीमीटर की तुलना में 292.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

बारिश होने का पूर्वानुमान
विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि 10 जुलाई को दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज बरसात हो सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। 11 से 15 जुलाई तक हल्की वर्षा होने की संभावना है। बरसात का असर तापमान में भी देखने को मिल रहा है। 9 जुलाई को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.