नेपाल की बारिश बनी बिहार के लिए आफत! जानिये, किस जिले में क्या है हाल

सुपौल जिले के 120 गांवों के 800 घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। बेतिया के भी 15 गांव डूब चुके हैं।

476

नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से कोसी सहित उत्तर बिहार की बागमती और गंडक नदी पूरे उफान पर है। पश्चिम चंपारण जिले के प्रखंड बगहा एक के सलहा बरिअरवा पंचायत स्थित मसान नदी के जलस्तर में वृद्धि होने पर सोमवार को अंचलाधिकारी बगहा एक अभिषेक आनंद ने मसान नदी का निरीक्षण उपरांत शीघ्र ही बचाव कार्य कराने का आश्वासन लोगों को दिया। दर्जनों घर बाढ की पानी के चपेट में आ गए हैं। नेपाल में हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तर बिहार में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

इन जिलों में बुरा हाल
सुपौल जिले के 120 गांवों के 800 घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। बेतिया के भी 15 गांव डूब चुके हैं। बगहा में भी इसी तरह के हालात हैं। सहरसा के कई गांवों में तो पूरी तरह से पानी भर चुका है। लोग नाव के सहारे एक जगह से दूसरी जगह पर जा रहे हैं।सुपौल में कोसी बराज से सोमवार की सुबह 6 बजे 2 लाख 53 हजार 910 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। कोसी के बढ़ते जलस्तर से अब भी तटबंध के अंदर रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुईं है।जिले के पांच प्रखंडों के 120 गांव में बसने वाले 6 हजार घरों में बाढ़ का पानी घुस गया।

उफान पर गंडक नदी
बेतिया में गंडक नदी उफान पर है। बाढ़ का पानी 15 गांवों के 800 घरों में घुस गया है। गांवों को जोड़ने वाले कई अप्रोच रोड टूट चुकी हैं। इसे दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया है। नेपाल के तराई इलाके में लगातार हो रही है। बारिश के कारण पहाड़ी नदियों के जलस्तर बढ़ने से शनिवार की रात नरकटियागंज अनुमंडल के गौनाहा, लौरिया, नरकटियागंज, सिकटा, मैनाटांड़ आदि प्रखंडों के करीब 800 घरों में पानी घुस गया। यहां अब भी पानी भरा हुआ है।

सहरसा में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा
सहरसा में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। महिषी प्रखंड और नवहट्टा प्रखंड के 12 गांव की मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं-कहीं 4 से 5 फीट तक पानी तेज धार के साथ सड़क पर बह रहा है। जिला मुख्यालय और प्रखंड मुख्यालय से लोगों का संपर्क पुरी तरह से खत्म हो गया है।

31 अगस्त तक बारिश की कोई भी संभावना नहीं
बिहार में अब 31 अगस्त तक बारिश की कोई भी संभावना नहीं नजर आ रही है। अगले 4 दिनों तक मौसम विभाग ने पटना समेत प्रदेश की किसी भी जिले में बारिश को लेकर के कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।राज्य में पिछले 5 दिनों से हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं अब अगले 4 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इससे अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.