मुंबईः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में सेंध! जानिये, क्या है मामला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार और पांच अगस्त को मुंबई दौरे पर थे। इस बीच, उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की।

90

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे में उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला प्रकाश में आया है। मुंबई दौरे में एक शख्स खुद को एक सांसद का निजी सचिव होने का दावा कर कई घंटों तक अमित शाह के इर्द-गिर्द घूमता रहा। लेकिन मंत्रालय के अधिकारियों को शक होने पर उस शख्स को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मुंबई पुलिस ने संदिग्ध शख्स से गहन पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम हेमंत पवार है और यह धुलिया जिले का निवासी है। पुलिस हेमंत पवार से पूछताछ कर रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार और पांच अगस्त को मुंबई दौरे पर थे। इस बीच, उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। उसके बाद उन्होंने बांद्रा के आशीष शेलार के गणेशोत्सव मंडल में और लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल में जाकर भगवान गणेश के दर्शन किए थे। उनकी सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। मुंबई पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने भी शाह की सुरक्षा के लिए सावधानी बरती।

शाह के आसपास घूम रहा था वो व्यक्ति
इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री के इर्द-गिर्द एक शख्स घूम रहा था। उसने सुरक्षा एजेंसियों से कहा था कि वह आंध्र प्रदेश के एक सांसद का निजी सचिव है। मंत्रालय के एक अधिकारी को इस शख्स पर शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।

पुलिस अधिकारी ने किया स्पष्ट
सूत्रों ने बताया कि आरोपित का नाम हेमंत पवार है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह सुरक्षा में कोई चूक नहीं है। यह मुंबई पुलिस की ही सतर्कता थी कि उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और आरोपित की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें – उप्र में 11 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण! जानिये, किसकी कहां की गई तैनाती

आरोपी ने किया था यह दावा
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में पता चला है कि आरोपित हेमंत पवार ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए केंद्रीय गृह विभाग का सुरक्षा अधिकारी होने का भी दावा किया था। उसने एक रिबन के साथ गृह मंत्रालय नाम का नीले रंग का आई-कार्ड पहनकर सरकारी अधिकारी होने का नाटक किया था। इस बात की भी जांच चल रही है कि हेमंत पवार की मंशा क्या थी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.