Chhattisgarh Naxal: ऊपर से दिख रहा था सामान्य जंगल, जमीन के नीचे मिला नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप

सुरक्षाबलों ने मौके से एक AK-47 रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद की।

15

Chhattisgarh Naxal: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ क्षेत्र के उतला जंगल में सोमवार को सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सलियों के डंप का पता लगाया। तलाशी के दौरान यहां से बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, भैरमगढ़ थाना पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। अभियान के दौरान जवानों को जंगल में एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जब इलाके की जांच और खुदाई की गई, तो जमीन के नीचे दबाकर रखा गया हथियारों का डंप सामने आया।

इसे भी पढ़ें: Bihar Flood: बाढ़ के बीच 1000 परिवारों के लिए मददगार बना ये शख्स, गांव पहुंचकर बांटा राशन

सुरक्षाबलों ने मौके से एक AK-47 रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद की। इसके अलावा दो AK-47 मैगजीन, 45 AK-47 के जिंदा राउंड, 25 नग 9 एमएम के जिंदा कारतूस और .315 बोर रायफल के छह जिंदा राउंड भी मिले हैं। तलाशी के दौरान अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार और गोला-बारूद को सावधानीपूर्वक सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और भैरमगढ़ थाने लाया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़ें: Share Market Today: शुरुआत में गिरा Nifty, फिर पलटा बाजार, Sensex-Nifty में जोरदार खरीदारी

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से पूछताछ और पुनर्वास नीति के तहत चलाए जा रहे सामाजिक कार्यक्रमों से भी सकारात्मक जानकारी सामने आ रही है। इसी आधार पर सुरक्षा बलों को नक्सल गतिविधियों से जुड़े ठिकानों और छिपाए गए सामान के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल रहे हैं।

सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान इलाके में लगातार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, जंगल और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.