Bihar Flood: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाजसेवी हियालाल यादव आगे आए हैं। सोमवार को उन्होंने रंगरा प्रखंड की कौशकीपुर सहौरा पंचायत के सहौरा गांव का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित 1000 से अधिक परिवारों के बीच सूखा राशन वितरित किया। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिली।
राशन वितरण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान हियालाल यादव ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मौजूदा हालात की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में सूखा राशन मिलने से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली है।
इसे भी पढ़ें: Share Market Today: शुरुआत में गिरा Nifty, फिर पलटा बाजार, Sensex-Nifty में जोरदार खरीदारी
समाजसेवी हियालाल यादव ने कहा कि इलाके में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हर साल बड़ी संख्या में लोगों को बाढ़ और कटाव का सामना करना पड़ता है। इसके चलते ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ घर, सड़क, खेती और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि केवल राहत सामग्री बांटने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। इसके लिए बाढ़ और कटाव की समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाना जरूरी है। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से क्षेत्र की स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेने और स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
इसे भी पढ़ें: Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी की चमक पड़ी फीकी, सर्राफा बाजार में आई इतनी गिरावट
राशन वितरण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने बाढ़ के दौरान मदद पहुंचाने के लिए समाजसेवी का आभार जताया।
Join Our WhatsApp Community
